भारत

PM मोदी का आज रात 8 बजे देश को संबोधन, भारत-पाक तनाव पर हो सकता है बड़ा ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात 8 बजे देश को संबोधित करेंगे। यह ऐलान ऐसे समय में आया है जब भारत और पाकिस्तान के बीच हालिया तनाव के चलते माहौल बेहद संवेदनशील बना हुआ है। माना जा रहा है कि पीएम मोदी इस संबोधन में पाकिस्तान की हालिया हरकतों और भारत की ओर से दिए गए जवाबी कार्रवाई पर बड़ी बात कह सकते हैं।

22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने 7 मई की रात “ऑपरेशन सिंदूर” को अंजाम दिया था। इस ऑपरेशन में पाकिस्तान में मौजूद 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाकर तबाह कर दिया गया था। इस कार्रवाई में कई आतंकियों के मारे जाने की भी खबर है।

भारत की सर्जिकल कार्रवाई के बाद पाकिस्तान ने ड्रोन हमले और सीमावर्ती इलाकों में भारी फायरिंग के जरिए पलटवार करने की कोशिश की। पाकिस्तानी फायरिंग में भारत के आम नागरिकों को भी निशाना बनाया गया। इसके जवाब में भारतीय सेना ने भी पाकिस्तान के नूर खान एयरबेस समेत कई ठिकानों पर मिसाइल हमले किए। इस दौरान सामने आए वीडियो और तस्वीरों में पाकिस्तानी एयरबेस पर लगी आग की तस्वीरें दिखीं।

10 मई की शाम दोनों देशों की ओर से अचानक संघर्ष विराम की घोषणा कर दी गई। भारत और पाकिस्तान दोनों की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस की गई, जिसमें कहा गया कि दोनों देश फिलहाल संघर्ष रोकने पर सहमत हो गए हैं।

अब जब हालात कुछ शांत हुए हैं, पीएम मोदी का संबोधन बेहद अहम माना जा रहा है। यह देखना दिलचस्प होगा कि वे देश को क्या संदेश देते हैं — क्या यह शांति की पहल होगी या आने वाले कदमों की झलक? देशभर की निगाहें अब रात 8 बजे होने वाले इस संबोधन पर टिकी हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button