Met Gala 2025: दिलजीत दोसांझ का डेब्यू, शाहरुख, कियारा और प्रियंका भी तैयार

Met Gala 2025 को लेकर फैन्स में जबरदस्त उत्साह है, खासकर तब जब उनके फेवरेट स्टार्स — शाहरुख़ ख़ान, कियारा आडवाणी और प्रियंका चोपड़ा — इस बार रेड कार्पेट पर नजर आने वाले हैं। इसी बीच सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ ने भी अपनी मेट गाला डेब्यू की झलक शेयर करके सबका ध्यान खींच लिया है।
दिलजीत ने हाल ही में एक इंस्टाग्राम स्टोरी पोस्ट की जिसमें उन्होंने “First Time” और एक आवरग्लास इमोजी लिखा। इसके बाद उन्होंने मेट गाला से मिला एक वेलकम गिफ्ट हैम्पर शेयर किया, जो ब्लैक एंड व्हाइट थीम में था। इससे फैन्स के बीच ये कयास और पक्के हो गए हैं कि दिलजीत इस बार मेट गाला में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने वाले हैं। हालांकि दिलजीत ने आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा है, लेकिन उनके इशारे साफ बता रहे हैं कि वो इस सोमवार, 5 मई को होने वाले मेट गाला इवेंट का हिस्सा बन सकते हैं।
वहीं शाहरुख ख़ान और कियारा आडवाणी पहले ही न्यूयॉर्क पहुंच चुके हैं। एयरपोर्ट पर शाहरुख बेहद सिंपल लुक में नजर आए, उन्होंने फैन्स का अभिवादन भी किया और खुद अपना सामान उठाते दिखे। कियारा भी फैशन के इस सबसे बड़े मंच पर अपनी मौजूदगी से सबका दिल जीतने वाली हैं। प्रियंका चोपड़ा, जो पहले भी कई बार मेट गाला में नजर आ चुकी हैं, इस बार भी शामिल होने की उम्मीद है। साथ ही आलिया भट्ट को लेकर भी अफवाहें हैं कि वो भी इस साल रेड कार्पेट पर नजर आ सकती हैं।
Met Gala हर साल मई के पहले सोमवार को आयोजित होता है और यह न्यूयॉर्क के मेट्रोपोलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट के कॉस्ट्यूम इंस्टीट्यूट के लिए फंड जुटाने वाला एक खास इवेंट होता है। इस बार मेट गाला में इंडियन स्टार्स की जबरदस्त मौजूदगी देखने को मिल सकती है। फैन्स बेसब्री से सोमवार का इंतजार कर रहे हैं।





