भारत

पहलगाम हमले पर पीएम मोदी का सख्त संदेश: “दोषियों को मिलेगी कठोरतम सजा, भारत की आत्मा को कोई नहीं तोड़ सकता”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम में पहलगाम आतंकी हमले को लेकर गहरा दुख जताया और दोषियों को सख्त सजा देने की प्रतिबद्धता दोहराई। पीएम मोदी ने कहा, “पहलगाम की घटना ने पूरे देश को गहरी पीड़ा दी है। हर भारतीय आतंक की इन तस्वीरों को देखकर आक्रोशित है।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब कश्मीर में शांति लौट रही थी, लोकतंत्र मजबूत हो रहा था और पर्यटन रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच रहा था, तभी देश के दुश्मनों ने इस विकास यात्रा को रोकने के लिए यह कायराना हरकत की। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि इस कठिन समय में 140 करोड़ भारतीयों की एकता ही सबसे बड़ा संबल है।

पीएम मोदी ने कहा, “हमें अपने संकल्प और इच्छाशक्ति को और अधिक मजबूत करना है। पूरी दुनिया भारत के साथ खड़ी है। दुनियाभर से संवेदनाएं और समर्थन के संदेश मिल रहे हैं। इस हमले के दोषियों को कठोरतम सजा दी जाएगी। पीड़ित परिवारों को इंसाफ मिलकर रहेगा।”


पहले गुरुवार को बिहार की एक जनसभा में भी प्रधानमंत्री मोदी ने आतंक के आकाओं को कड़ी चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था, “भारत हर आतंकी और उनके मददगारों को खोज निकालेगा और उन्हें पृथ्वी के अंतिम छोर तक पीछा कर सजा देगा। भारत की आत्मा को आतंकवाद कभी नहीं तोड़ सकता।”


प्रधानमंत्री ने दो टूक कहा कि यह हमला केवल निहत्थे पर्यटकों पर नहीं, बल्कि भारत की आत्मा पर हमला था। “जो भी इस हमले के दोषी हैं, उन्हें कल्पना से भी बड़ी सजा मिलेगी। अब समय आ गया है कि आतंकवाद की बची-खुची जड़ें भी पूरी तरह समाप्त कर दी जाएं।”

उन्होंने भरोसा दिलाया कि भारत की 140 करोड़ जनता की अटूट इच्छाशक्ति आतंक के आकाओं की कमर तोड़कर रहेगी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button