‘पठान’ और ‘जवान’ के बाद अब ‘किंग’ में भी साथ नजर आएंगे शाहरुख-दीपिका

बॉलीवुड के सुपरस्टार शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की दमदार जोड़ी एक बार फिर सिल्वर स्क्रीन पर धमाल मचाने के लिए तैयार है। ‘ओम शांति ओम’ से लेकर ‘चेन्नई एक्सप्रेस’, ‘पठान’ और ‘जवान’ तक, इस जोड़ी ने हर बार फैंस का दिल जीता है। अब ये दोनों सिद्धार्थ आनंद की आगामी एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘किंग’ में साथ नजर आने वाले हैं।
फिल्म में दीपिका पादुकोण एक छोटे लेकिन बेहद अहम किरदार में दिखाई देंगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह फिल्म में सुहाना खान की मां की भूमिका निभाएंगी। दिलचस्प बात यह है कि इस रोल के लिए खुद शाहरुख और निर्देशक सिद्धार्थ आनंद ने दीपिका को चुना। दीपिका ने भी इस भूमिका को खुशी-खुशी स्वीकार कर लिया, भले ही यह एक मेन रोल न हो।
‘किंग’ शाहरुख और दीपिका की छठी फिल्म होगी, और यह लगातार तीसरी बार होगा जब दोनों एक साथ स्क्रीन शेयर करेंगे। फैंस इस जोड़ी की केमिस्ट्री को काफी पसंद करते हैं, और ‘किंग’ में भी ये जोड़ी अपने करिश्मे से दर्शकों को लुभाने की पूरी तैयारी में है। ऐसी चर्चा है कि ये दोनों ‘पठान 2’ में भी साथ नजर आ सकते हैं।
हालांकि फिल्म की कहानी पर से अभी पूरी तरह पर्दा नहीं उठा है, लेकिन इसे एक इमोशनल और एक्शन से भरपूर थ्रिलर बताया जा रहा है। फिल्म का प्लॉट 2000 की बॉलीवुड फिल्म ‘बिच्छू’ और फ्रेंच क्लासिक ‘लियोन: द प्रोफेशनल’ से प्रेरित हो सकता है। शाहरुख खान फिल्म में एक खतरनाक हिटमैन की भूमिका निभाते नजर आ सकते हैं। सुहाना खान के लिए यह दूसरी फिल्म होगी, जिन्होंने पहले ‘द आर्चीज’ से डेब्यू किया था।
शुरुआत में इस फिल्म का निर्देशन सुजॉय घोष कर रहे थे, लेकिन अब यह जिम्मा सिद्धार्थ आनंद ने संभाल लिया है। पहले सुहाना के माता-पिता के रोल के लिए सैफ अली खान और तब्बू पर विचार किया गया था, लेकिन स्क्रिप्ट में बदलाव के बाद दीपिका को कास्ट किया गया। फिल्म में अभिषेक बच्चन एक नेगेटिव रोल में दिखेंगे, जबकि ‘मुंज्या’ फेम अभय वर्मा भी एक अहम किरदार निभाएंगे।
फिल्म का प्री-प्रोडक्शन जोरों पर चल रहा है और इसकी शूटिंग अगले महीने से मुंबई में शुरू होने की उम्मीद है। अगर सब कुछ प्लान के अनुसार रहा, तो ‘किंग’ साल 2026 के अंत तक सिनेमाघरों में रिलीज की जाएगी।
शाहरुख-दीपिका की यह नई पेशकश एक बार फिर दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच लाने के लिए पूरी तरह तैयार है।





