रामनवमी पर कपिल शर्मा की फिल्म ‘किस किसको प्यार करूं 2’ का नया पोस्टर जारी
कॉमेडी के बादशाह कपिल शर्मा एक बार फिर बड़े पर्दे पर दर्शकों को गुदगुदाने आ रहे हैं अपनी आगामी फिल्म ‘किस किसको प्यार करूं 2’ के साथ। फिल्म का पहला पोस्टर ईद के मौके पर रिलीज किया गया था, वहीं अब रामनवमी के शुभ अवसर पर निर्माताओं ने फिल्म का एक और नया पोस्टर जारी किया है।
6 अप्रैल को जारी किए गए इस ताजे पोस्टर में कपिल शर्मा एक बार फिर दूल्हे के अवतार में नजर आ रहे हैं। वे एक रहस्यमयी महिला के साथ हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार शादी के मंडप में हाथ जोड़कर खड़े हैं। पोस्टर के साथ साझा किए गए संदेश में फिल्म की टीम ने सभी को रामनवमी की शुभकामनाएं दीं।
View this post on Instagram
इससे पहले रिलीज हुए पोस्टर में कपिल शर्मा एक निकाह समारोह के सेटअप में नजर आए थे, जहां वह किसी और महिला के साथ दूल्हा बने दिख रहे थे। इन दोनों पोस्टरों से यह संकेत मिलता है कि फिल्म में कपिल फिर से एक से अधिक शादियां करते नजर आएंगे—जिनमें अलग-अलग धर्मों की महिलाएं हो सकती हैं। अब फैंस यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि इस बार कपिल कितनी बार दूल्हा बनेंगे और क्या नया ट्विस्ट फिल्म में देखने को मिलेगा।
‘किस किसको प्यार करूं 2’ का निर्देशन अनुकल्प गोस्वामी कर रहे हैं, और इसका निर्माण रतन जैन, गणेश जैन और अब्बास-मस्तान ने वीनस वर्ल्डवाइड एंटरटेनमेंट व अब्बास-मस्तान फिल्म प्रोडक्शन के बैनर तले किया है। फिल्म में कपिल शर्मा के साथ अभिनेता मनजोत सिंह भी नजर आएंगे।
पहली फिल्म को दर्शकों ने खूब पसंद किया था, और अब इसके सीक्वल से उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं। कॉमेडी, कन्फ्यूजन और ड्रामे से भरपूर यह फिल्म जल्द ही सिनेमाघरों में धमाल मचाने को तैयार है।





