‘कल्कि 2’ को लेकर बड़ी खबर: जल्द शुरू होगी शूटिंग, प्रभास निभाएंगे अहम भूमिका

साल 2024 में रिलीज हुई साइंस फिक्शन ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता हासिल की थी। अब इस फिल्म के सीक्वल ‘कल्कि 2’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। फिल्म के निर्देशक नाग अश्विन ने हाल ही में तिरुमाला तिरुपति देवस्थानम के दर्शन किए, जिसके बाद उन्होंने मीडिया से फिल्म के सीक्वल पर अहम जानकारी साझा की।
नाग अश्विन ने बताया कि ‘कल्कि 2’ की स्क्रिप्ट पर तेज़ी से काम चल रहा है और साल के अंत तक फिल्म की शूटिंग शुरू करने की योजना है। निर्देशक ने यह भी खुलासा किया कि इस बार कहानी कर्ण और अश्वत्थामा के इर्द-गिर्द घूमेगी और प्रभास के किरदार को अधिक गहराई से दिखाया जाएगा।
फिल्म के पहले भाग की बात करें तो ‘कल्कि 2898 एडी’ को नाग अश्विन ने डायरेक्ट किया था और इसे वैजयंती मूवीज ने प्रोड्यूस किया था। यह फिल्म भारत की सबसे महंगी फिल्म बनकर उभरी और दुनियाभर में 1180 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की।
फिल्म में प्रभास, दीपिका पादुकोण, अमिताभ बच्चन, कमल हासन और दिशा पाटनी जैसे दिग्गज कलाकारों ने अपने शानदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया। संगीत संतोष नारायणन ने दिया था। अब इसके सीक्वल से दर्शकों को और भी बड़े स्तर की कहानी और विजुअल्स की उम्मीद है।





