मनोरंजन

सच्चे राष्ट्रभक्त मनोज कुमार के निधन पर बिखरा बॉलीवुड

शुक्रवार सुबह बॉलिवुड से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है. अभिनेता और फिल्म निर्देशक मनोज कुमार का 87 वर्ष की आयु में कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में निधन हो गया. मनोज कुमार के जीवन की कुछ झलकियां, जिनमें 63वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह भी शामिल है, जहां उन्हें राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से 47वां दादा साहब फाल्के पुरस्कार प्राप्त हुआ.

 

अपनी यादगार फिल्मों से लोगों का दिल जीतने वाले मनोज कुमार के निधन ने लोगों को गमगीन कर दिया है. आज पूरा देश अपने भारत कुमार को याद कर रहा है. बॉलीवुड के सितारे और कई नामी लोग उनके जाने के गम को जाहिर कर रहे हैं. जानें उनके निधन के बाद किसने उनकी याद में क्या कहा.

 

फिल्म इंडस्ट्री और उनके प्रशंसक दिग्गज अभिनेता के निधन पर शोक व्यक्त कर रहे हैं. फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने कहा, ‘महान दादा साहब फाल्के पुरस्कार विजेता, हमारे प्रेरणास्रोत और भारतीय फिल्म उद्योग के ‘शेर’ मनोज कुमार जी अब नहीं रहे…यह इंडस्ट्री के लिए बहुत बड़ी क्षति है और पूरी इंडस्ट्री उन्हें याद करेगी. लंबे समय से वो बीमार थे, कोकिला बेन अस्पताल में उन्होंने आखिरी सांस ली. मनोज जी को हम याद करेंगे, हम उनसे कई मौकों पर मिलते थे, वो खुशमिजाज इंसान थे जो नई उर्जा से भरे हुए थे. पूरी इंडस्ट्री उन्हें याद करेगी. उनके जैसा अभिनेता और निर्देशक इंडस्ट्री में अब नहीं है.’

निर्देशन मधुर भंडारकर ने एक्स पोस्ट में लिखा है, ‘मैं महान अभिनेता और फिल्म निर्माता मनोज कुमार सर के निधन से दुखी हूं. मुझे कई मौकों पर उनसे बातचीत करने का सौभाग्य मिला और वे वास्तव में भारतीय सिनेमा के प्रतीक थे. उनकी कहानियों और फिल्मों में उनके गीतों के फिल्मांकन ने राष्ट्रीय गौरव को प्रेरित किया और ये पीढ़ियों तक गूंजता रहेगा. उनके परिवार के सदस्यों और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. ओम शांति.’

अभिनेत्री रवीना टंडन ने भारतीय अभिनेता और फिल्म निर्देशक मनोज कुमार के निधन पर कहा, “उनकी(मनोज कुमार) यादें कभी नहीं मिटेंगी. वह हमारे बहुत करीबी थे, उन्होंने मेरे पिता को उनकी पहली फिल्म दी थी… उनके विचार समय से पहले के थे, वह हमेशा एक प्रतिभाशाली व्यक्ति थे…”

अभिनेत्री पूनम ढिल्लों ने भारतीय अभिनेता और फिल्म निर्देशक मनोज कुमार के निधन पर कहा, “यादें उन फिल्मों की हैं जो मैंने देखीं। मुझे लगता है कि उन्होंने सबसे खूबसूरत फिल्में बनाईं, जिन्हें हर कोई साथ देख सकता था और प्रेरणा ले सकता था…”

अभिनेता धर्मेंद्र ने भारतीय अभिनेता और फिल्म निर्देशक मनोज कुमार के निधन पर कहा, “हमारी बहुत सी बातें हैं, फिल्म इंडस्ट्री में हमारा बचपन साथ ही गुजरा है.”

Show More
Back to top button