राम चरण की फिल्म ‘पेड्डी’ का फर्स्ट-लुक सोशल मीडिया पर धमाल, 6 अप्रैल को आएगी पहली झलक

ग्लोबल स्टार राम चरण की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘पेड्डी’ ने अपने पहले लुक से सोशल मीडिया पर सनसनी मचा दी है। फिल्म के निर्माता 6 अप्रैल, 2025 को राम नवमी के अवसर पर इसकी पहली झलक जारी करने की तैयारी कर रहे हैं। इस बीच, फिल्म की रिलीज डेट को लेकर भी नई जानकारी सामने आई है।
उगादी के अवसर पर फिल्म ‘पेड्डी’ के निर्माताओं ने एक नया पोस्टर जारी किया था, जिसमें राम चरण एक ऊंची छलांग लगाते हुए नजर आ रहे थे। इस पोस्टर ने प्रशंसकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता बढ़ा दी है। निर्माताओं ने पोस्टर के साथ कैप्शन दिया था, “पेड्डी फर्स्ट शॉट – पहली झलक 6 अप्रैल को राम नवमी के अवसर पर जारी होगी।” अब इस झलक से पहले फिल्म की संभावित रिलीज डेट को लेकर भी अहम जानकारी सामने आई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘पेड्डी’ की पहली झलक के साथ फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान किया जा सकता है। 123 डॉट कॉम की एक खबर के मुताबिक, यह फिल्म 26 मार्च, 2026 को रिलीज हो सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।
‘पेड्डी’ का निर्देशन ‘उप्पेना’ फेम बुच्ची बाबू सना कर रहे हैं। फिल्म में राम चरण के साथ जान्हवी कपूर, शिवा राजकुमार, जगपति बाबू और दिव्येंदु शर्मा अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इस फिल्म को वृद्धि सिनेमाज प्रोड्यूस कर रहा है, जबकि मैथरी मूवी मेकर्स और सुकुमार राइटिंग्स इसे प्रस्तुत कर रहे हैं। फिल्म का संगीत मशहूर संगीतकार एआर रहमान ने तैयार किया है।
‘पेड्डी’ जान्हवी कपूर की दूसरी साउथ फिल्म होगी। इससे पहले वह ‘देवरा पार्ट 1’ में नजर आ चुकी हैं, जिसमें उनके साथ जूनियर एनटीआर और सैफ अली खान मुख्य भूमिकाओं में थे।
फैंस ‘पेड्डी’ की पहली झलक और इसकी आधिकारिक रिलीज डेट के ऐलान का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।





