कांतारा के प्रीक्वल ‘कांतारा: चैप्टर 1’ की रिलीज डेट हुई घोषित

सुपरहिट फिल्म ‘कांतारा’ के प्रीक्वल का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार था, और अब इसका इंतजार खत्म हो गया है। फिल्म के निर्माताओं ने घोषणा कर दी है कि ‘कांतारा: चैप्टर 1’ 2 अक्टूबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। हाल ही में सोशल मीडिया पर यह चर्चा थी कि फिल्म की रिलीज डेट को आगे बढ़ाया जा सकता है, लेकिन मेकर्स ने इन खबरों को नकारते हुए बड़ी ही दिलचस्प तरीके से इस बात की पुष्टि की है कि फिल्म तय समय पर ही रिलीज होगी।
फिल्म के निर्माता और निर्देशक ऋषभ शेट्टी इस प्रोजेक्ट को लेकर काफी उत्साहित हैं। बताया जा रहा है कि ‘कांतारा: चैप्टर 1’ को भव्य स्तर पर बनाया जा रहा है। इस फिल्म में 500 से अधिक ट्रेन फाइटर्स, 3000 लोगों की एक बड़ी कास्ट और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में फिल्माए गए बेहतरीन एक्शन दृश्य देखने को मिलेंगे।
View this post on Instagram
फिल्म की कहानी कर्नाटक के कदंब वंश के दौर पर आधारित है। कदंब राजाओं ने कर्नाटक के कुछ हिस्सों पर शासन किया था और इस क्षेत्र की संस्कृति व वास्तुकला को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इस काल को भारतीय इतिहास का स्वर्ण युग माना जाता है।
ऋषभ शेट्टी न केवल इस फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं, बल्कि इसके निर्देशन की कमान भी उन्होंने खुद संभाली है। वर्ष 2023 में उन्होंने ऐलान किया था कि ‘कांतारा’ वास्तव में इस गाथा का दूसरा भाग था और जो अब रिलीज होने जा रहा है, वह इसका पहला भाग यानी प्रीक्वल होगा।
बता दें कि ‘कांतारा’ 2022 में रिलीज हुई थी और इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की थी। पहले यह फिल्म सिर्फ कन्नड़ भाषा में रिलीज की गई थी, लेकिन जब इसे दर्शकों का शानदार प्रतिसाद मिला, तो इसे अन्य भाषाओं में भी पैन इंडिया स्तर पर रिलीज किया गया। फिल्म ने दुनियाभर में 400 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की थी।
अब ‘कांतारा: चैप्टर 1’ से भी यही उम्मीद की जा रही है कि यह दर्शकों को एक नया सिनेमाई अनुभव देने में सफल होगी।





