मनोरंजन

अक्षय कुमार की फिल्म केसरी चैप्टर 2 का धांसू ट्रेलर रिलीज, 18 अप्रैल को सिनेमाघरों में दस्तक

बॉलीवुड के सुपरस्टार अक्षय कुमार अपनी मोस्ट अवेटेड फिल्म Kesari Chapter 2 के साथ वापसी को तैयार हैं। यह फिल्म 18 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। हाल ही में इसका धमाकेदार ट्रेलर जारी किया गया, जिसने दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है। फिल्म का ट्रेलर जनरल डायर और अक्षय कुमार के बीच तीखे सवाल-जवाब के साथ शुरू होता है। अक्षय, जो फिल्म में वकील सी. शंकरन नायर का किरदार निभा रहे हैं, जनरल डायर से जलियांवाला बाग में गोलीबारी को लेकर सवाल पूछते हैं। जवाब में डायर इसे आतंकवाद करार देता है। यह दृश्य दर्शकों को झकझोर कर रख देता है।

फिल्म को अब तक की सबसे बड़ी कोर्ट ड्रामा बताया जा रहा है, जहां अक्षय कुमार पूरी तरह अपने किरदार में समाए नजर आ रहे हैं। अंग्रेजों के खिलाफ अकेले खड़े सी. शंकरन नायर अपने तर्कों और सवालों से सबको सोचने पर मजबूर कर देते हैं।

फिल्म में अक्षय कुमार के सामने आर. माधवन अपोजिशन वकील के रूप में नजर आएंगे। ट्रेलर में माधवन के किरदार को बेहद प्रभावशाली और खतरनाक दिखाया गया है। अंग्रेजों की तरफ से कोर्ट में केस लड़ने वाले इस वकील का किरदार काफी दिलचस्प है। अक्षय और माधवन का कोर्टरूम फेस-ऑफ दर्शकों के लिए एक रोमांचक अनुभव होने वाला है।

ट्रेलर में दिखाया गया है कि सी. शंकरन नायर को जलियांवाला बाग के सबूत जुटाने की चुनौती दी जाती है। लेकिन अंग्रेज सरकार इन सबूतों को मिटाने पर तुली हुई थी। इस मिशन में अनन्या पांडे उनके साथ नजर आएंगी। फिल्म में अनन्या भी एक वकील की भूमिका में हैं, जो पर्दे के पीछे से अक्षय की मदद करती दिख रही हैं। ट्रेलर में उनके लुक और अभिनय की झलकियां फैंस को काफी पसंद आ रही हैं।

ट्रेलर का सबसे भावुक क्षण वह है जब 2 मिनट 18 सेकंड पर एक दृश्य आता है, जहां अक्षय कुमार के चेहरे पर कालिख पोती जाती है। टूटे हुए लेकिन दृढ़ निश्चय के साथ, वह कहते हैं – “पूरी दुनिया के सामने लाऊंगा जलियांवाला बाग का सच।” यह दृश्य निश्चित रूप से दर्शकों को भावुक कर देगा।

फिल्म का निर्देशन करण सिंह त्यागी ने किया है और करण जौहर इसे प्रोड्यूस कर रहे हैं। अक्षय कुमार की इस फिल्म को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्सुकता है, और अब सभी की नजरें 18 अप्रैल पर टिकी हैं, जब यह फिल्म बड़े पर्दे पर तहलका मचाने के लिए तैयार है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button