‘द भूतनी’ का ट्रेलर रिलीज, भूतनी और मोहब्बत के बीच फंसे सनी सिंह!
हॉरर-कॉमेडी फिल्मों को दर्शकों का खूब प्यार मिल रहा है और इसी कड़ी में अब संजय दत्त और मौनी रॉय की नई फिल्म ‘द भूतनी’ आ रही है। सिद्धांत सचदेव के निर्देशन में बनी इस फिल्म का ट्रेलर रिलीज होते ही ट्रेंड कर रहा है। यह फिल्म दर्शकों को डराने के साथ-साथ हंसाने का दम रखती है।
फिल्म की कहानी एक कॉलेज और वर्जिन ट्री के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां मौनी रॉय ‘मोहब्बत’ नाम की भूतनी का किरदार निभा रही हैं। फिल्म में सनी सिंह और पलक तिवारी के बीच लव एंगल दिखाया गया है, जिसमें सनी का किरदार भूतनी और मोहब्बत के जाल में उलझ जाता है। इस स्थिति से उसे निकालने के लिए संजय दत्त बाबा के रूप में एंट्री करते हैं। फिल्म में मजेदार पंचलाइनों के साथ रोमांचक ट्विस्ट भी देखने को मिलेगा।
फिल्म के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में सनी सिंह ने बताया कि वह हॉरर-कॉमेडी फिल्म का हिस्सा बनने को लेकर उत्साहित थे। उन्होंने कहा, “जब मैंने स्क्रिप्ट पढ़ी, तो यह बहुत मजेदार लगी। साथ ही जब पता चला कि इसमें संजू सर भी हैं, तो यकीन हो गया कि फिल्म का अनुभव शानदार रहेगा।”
फिल्म में संजय दत्त, मौनी रॉय, पलक तिवारी, सनी सिंह और आसिफ खान अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। संजय दत्त इस फिल्म में एक अनोखे अवतार में दिखेंगे, जो दर्शकों के लिए सरप्राइज हो सकता है। ‘द भूतनी’ 8 अप्रैल 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।





