राम चरण की फिल्म ‘पेड्डी’ का पहला लुक जारी, खतरनाक अंदाज में नजर आए अभिनेता
साउथ सुपरस्टार राम चरण की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘आरसी 16’ का आधिकारिक टाइटल ‘पेड्डी’ घोषित कर दिया गया है। उनके 40वें जन्मदिन के मौके पर निर्माताओं ने फिल्म का पहला लुक जारी कर फैंस को खास तोहफा दिया। पोस्टर में राम चरण बेहद दमदार और रॉ लुक में नजर आ रहे हैं, जिससे उनकी तुलना ‘पुष्पा’ के अल्लू अर्जुन से की जा रही है।
फिल्म के पहले लुक में राम चरण को बिखरे बाल, बेतरतीब दाढ़ी, नाक में बाली और मुंह में बीड़ी दबाए एक अनोखे अवतार में देखा जा सकता है। इस लुक ने फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है। वहीं, एक अन्य पोस्टर में अभिनेता को पुराने क्रिकेट बैट के साथ एक गांव के स्टेडियम में खड़ा दिखाया गया है, जिससे फिल्म के ग्रामीण पृष्ठभूमि पर आधारित होने का संकेत मिलता है।
View this post on Instagram
‘पेड्डी’ में राम चरण के साथ जान्हवी कपूर, शिव राजकुमार, जगपति बाबू और दिव्येंदु शर्मा अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन बुची बाबू सना कर रहे हैं, जबकि संगीत की जिम्मेदारी ऑस्कर विजेता ए.आर. रहमान ने संभाली है।
फिल्म के हैदराबाद शेड्यूल की शूटिंग हाल ही में पूरी हो चुकी है, हालांकि अन्य स्थानों पर फिल्मांकन अभी जारी है। पहले लुक के जारी होते ही फैंस अब इसके ट्रेलर और रिलीज डेट की घोषणा का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
क्या ‘पेड्डी’ भी ‘पुष्पा’ की तरह ब्लॉकबस्टर साबित होगी? यह तो रिलीज के बाद ही पता चलेगा, लेकिन राम चरण का नया अवतार दर्शकों को जरूर रोमांचित कर रहा है।





