खेत, खतरा और खौफ – ‘छोरी 2’ के टीजर ने बढ़ाई दर्शकों की उत्सुकता

साल 2021 में रिलीज हुई हॉरर-थ्रिलर फिल्म ‘छोरी’ को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला था। अब इसका अगला भाग ‘छोरी 2’ जल्द ही ओटीटी पर रिलीज होने वाला है। इस फिल्म में एक बार फिर नुसरत भरुचा मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। हाल ही में ‘छोरी 2’ का टीजर जारी किया गया है, जिसमें पहले भाग की तरह ही जबरदस्त हॉरर और सस्पेंस देखने को मिल रहा है।
फिल्म ‘छोरी 2’ के टीजर को प्राइम वीडियो इंडिया ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर शेयर किया है। इसके साथ लिखा गया है— “एक बार फिर, वो खेत, वो खतरा और वो खौफ”। टीजर में नुसरत भरुचा का किरदार एक सुनसान खेत में खौफनाक घटनाओं से घिरा नजर आता है। इस बार भी छोटी-छोटी बच्चियों की रहस्यमयी मौजूदगी, अजीब घटनाएं और डरावने भूत टीजर में दिखाई दे रहे हैं। फिल्म के बैकग्राउंड स्कोर को खासतौर पर डरावना बनाया गया है, जो सस्पेंस को और गहरा करता है।
View this post on Instagram
‘छोरी 2’ में नुसरत भरुचा के साथ सोहा अली खान, सौरभ गोयल, पल्लवी अजय, कुलदीप सरीन और हार्दिक शर्मा अहम किरदारों में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन विशाल फुरिया ने किया है, जबकि इसकी कहानी विशाल फुरिया और अजीत जगतप ने लिखी है।
फिल्म का प्रीमियर 11 मार्च 2025 को प्राइम वीडियो इंडिया पर किया जाएगा। फिल्म के प्रोडक्शन से जुड़े एबंडेंशिया एंटरटेनमेंट के सीईओ विक्रम मल्होत्रा ने बताया कि पहली फिल्म ‘छोरी’ को दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिली थी, इसलिए इसका सीक्वल बनाने का फैसला लिया गया। उन्होंने कहा, “इस बार फिल्म में हॉरर का स्तर और बढ़ाया गया है। नुसरत भरुचा फिर से ‘साक्षी’ के किरदार में नजर आएंगी, जबकि सोहा अली खान एक नए और अलग तरह के रोल में दिखेंगी। हमें उम्मीद है कि यह फिल्म दर्शकों को खूब पसंद आएगी।”
पहली फिल्म ने सामाजिक मुद्दों को हॉरर के साथ जोड़कर दर्शकों को प्रभावित किया था। इस बार निर्माताओं ने वादा किया है कि ‘छोरी 2’ में डर और सस्पेंस की मात्रा दोगुनी होगी। अब देखना होगा कि क्या यह फिल्म पहले भाग की तरह दर्शकों को डराने और रोमांचित करने में सफल होती है या नहीं। 11 मार्च को इसका जवाब मिलेगा!





