अजय देवगन की ‘रेड 2’ को मिली नई रिलीज डेट, 1 मई को सिनेमाघरों में मचाएगी धमाल

बॉलीवुड सुपरस्टार अजय देवगन एक बार फिर ‘इनकम टैक्स ऑफिसर’ के किरदार में दर्शकों के बीच वापसी करने जा रहे हैं। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रेड 2’ की नई रिलीज डेट का ऐलान हो गया है। यह फिल्म 2018 में आई हिट फिल्म ‘रेड’ का सीक्वल है और लंबे समय से चर्चा में बनी हुई थी।
अजय देवगन ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर ‘रेड 2’ का नया पोस्टर जारी करते हुए इसकी नई रिलीज डेट की घोषणा की। पोस्टर के साथ उन्होंने लिखा, “नया शहर, नई फाइल और अमय पटनायक की एक नई रेड। ‘रेड 2’ 1 मई से आपके नजदीकी सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है।”
View this post on Instagram
‘रेड 2’ में अजय देवगन के साथ रितेश देशमुख, वाणी कपूर और सौरभ शुक्ला भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन राजकुमार गुप्ता कर रहे हैं, जिन्होंने पहली फिल्म ‘रेड’ को भी निर्देशित किया था।
फिल्म की रिलीज डेट पहले 15 नवंबर 2024 तय की गई थी, लेकिन बाद में इसे 21 फरवरी 2025 तक के लिए टाल दिया गया। अब आखिरकार निर्माताओं ने 1 मई 2025 की तारीख तय की है। फिल्म की शूटिंग मुख्य रूप से दिल्ली और लखनऊ में की गई है।
2018 में रिलीज हुई ‘रेड’ अस्सी के दशक में उत्तर प्रदेश में एक बाहुबली नेता के घर पर हुई ऐतिहासिक इनकम टैक्स रेड पर आधारित थी। यह रेड कई दिनों तक चली थी और भारतीय इतिहास की सबसे लंबी छापेमारी मानी जाती है। फिल्म में अजय देवगन के साथ इलियाना डिक्रूज और सौरभ शुक्ला भी नजर आए थे।
अब दर्शकों को ‘रेड 2’ का बेसब्री से इंतजार है, जो एक बार फिर अजय देवगन को दमदार अंदाज में पर्दे पर लेकर आएगी।





