जयपुर पुलिस की कार्रवाई, होटल से IIT बाबा को पकड़ा, गांजा बरामद

जयपुर पुलिस ने सोमवार को महाकुंभ फेम अभय सिंह उर्फ IIT बाबा को हिरासत में ले लिया, हालांकि कुछ घंटों बाद उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया। बाबा ने सोशल मीडिया पर आत्महत्या की धमकी दी थी, जिसके बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की।
पुलिस ने बाबा की लोकेशन ट्रेस कर रिद्धि-सिद्धि इलाके के एक होटल में छापा मारा, जहां से उन्हें हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से गांजा बरामद किया गया। इस पर बाबा ने सफाई देते हुए कहा कि यह “प्रसाद” है और वे परंपरागत रूप से इसका सेवन करते हैं। हालांकि, पुलिस ने इसे नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत अपराध माना, लेकिन गांजे की मात्रा कम होने के कारण उन्हें पूछताछ के बाद रिहा कर दिया गया।
रिहाई के बाद IIT बाबा ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पुलिस उनके वीडियो बनाने से रोक रही है और उन पर एफआईआर दर्ज कर रही है। बाबा ने यह भी कहा कि वे किसी और देश में जाकर बसने पर विचार कर रहे हैं।
शिप्रापथ थाना प्रभारी राजेंद्र गोदारा ने बताया कि बाबा ने खुद स्वीकार किया कि वे गांजा पीते हैं। उन्होंने कहा, “गांजा रखना अपराध है, इसलिए हमने उन्हें गिरफ्तार किया। हालांकि, कम मात्रा के कारण जमानत पर रिहा कर दिया गया। उनके अनुयायियों ने बताया कि बाबा आत्महत्या की धमकी दे रहे थे, इसलिए हमने त्वरित कार्रवाई की।”
#WATCH | Jaipur, Rajasthan | SHO Shiprapath PS, Rajendra Godara says, “We received this information that he (Baba Abhay Singh aka IIT Baba) was staying in a hotel, and he might commit suicide. When we reached there, he said that I consume ‘ganja’, I still have it in my… pic.twitter.com/J0wa50a3OC
— ANI (@ANI) March 3, 2025
पुलिस ने स्पष्ट किया कि अगर जरूरत पड़ी तो बाबा को आगे की पूछताछ के लिए दोबारा बुलाया जाएगा। फिलहाल, मामले की जांच जारी है।





