ताज़ा खबरेंभारत

भागलपुर में पीएम मोदी का भव्य स्वागत, मखाने की माला पहनाकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया अभिनंदन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को एक दिवसीय दौरे पर बिहार पहुंचे, जहां उन्होंने कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। पूर्णिया एयरपोर्ट पर लैंडिंग के बाद, वे हेलिकॉप्टर से भागलपुर पहुंचे। वहां एक सार्वजनिक सभा में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें मखाने की माला पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने किसान सम्मान निधि योजना की 19वीं किस्त जारी की और कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया।

इस कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, बिहार बीजेपी के वरिष्ठ नेता, और एनडीए सहयोगी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के संरक्षक जीतन राम मांझी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार की यह भूमि आस्था, विरासत और विकसित भारत की ताकत को दर्शाती है। उन्होंने भागलपुर की धरती को शहीद तिलका मांझी और सिल्क सिटी के रूप में सम्मानित किया।

प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में कहा कि विकसित भारत के चार मजबूत स्तंभ – गरीब, किसान, महिला और युवा हैं। उन्होंने कहा कि पहले किसान खाद, बीज, सिंचाई और पशुओं की देखभाल जैसी समस्याओं से जूझते थे, लेकिन अब एनडीए सरकार ने इन स्थितियों को सुधारने के लिए ठोस कदम उठाए हैं।


प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार के सुपरफूड ‘मखाना’ को वैश्विक स्तर पर पहुंचाने की योजना का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस साल के बजट में मखाना किसानों के लिए एक विशेष बोर्ड बनाने की घोषणा की गई है। सरकार की नीति के कारण भारत का कृषि निर्यात बढ़ा है और किसानों को उनकी उपज की बेहतर कीमत मिल रही है।


उन्होंने कहा कि दुनिया की हर रसोई में भारत के किसानों का उत्पाद होना चाहिए। इसी दृष्टिकोण से बजट में ‘पीएम धन धान्य योजना’ की घोषणा की गई है, जिसमें 100 ऐसे जिलों की पहचान की जाएगी जहां सबसे कम फसल उत्पादन होता है। इन जिलों में खेती को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे। इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने बताया कि सरकार ने 10,000 किसान उत्पादक संगठन (FPO) बनाने का लक्ष्य रखा था, जिसे पूरा कर लिया गया है। इस उपलब्धि का गवाह बनने का अवसर बिहार को मिला है, जहां खगड़िया जिले में मक्का, केला और धान पर काम करने वाला 10,000वां FPO पंजीकृत किया गया है।


प्रधानमंत्री ने महाकुंभ और भारतीय विरासत के महत्व पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ को लेकर कुछ दल आलोचना कर रहे हैं, लेकिन बिहार की जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने एनडीए सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए कहा कि यह सरकार भारत की गौरवशाली विरासत और भविष्य के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button