विदेश

ट्रंप संग बंद कमरे में हु्आ सवाल-जवाब का दौर, ट्रंप ने कहा, ‘पीएम मोदी बहुत अच्‍छे और टफ नेगोशिएटर’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वॉशिंग्टन डीसी पहुंचे जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप गले मिले, अमेरिकी राष्ट्रपति ने व्हाइट हाउस में प्रधानमंत्री का स्वागत किया. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “हमने तुम्हें बहुत याद किया.”

 

अमेरिका में बीते 7 घंटों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दम दिखा. इन 7 घंटों में पीएम मोदी ने अमेरिकी राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप से लेकर अमेरिका के कई उद्योगपतियों से मुलाकात की. इस दौरान पीएम मोदी ने कूटनीतिक भाषा में अमेरिका को कई संदेश दिए. पीएम मोदी और डोनाल्‍ड ट्रंप के बीच हुई साझा प्रेस कॉन्‍फ्रेंस में एक सवाल के जवाब में डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ‘पीएम मोदी बहुत अच्‍छे और टफ नेगोशिएटर हैं. वह मुझसे कहीं बेहतर नेगोशिएटर हैं. पीएम मोदी का मुझसे यहां कोई मुकाबला भी नहीं है.’पीएम मोदी ने ‘मेक अमेरिका ग्रेट अगेन’ MAGA के जवाब में ‘मेक इंडिया ग्रेट अगेन’ यानी  MIGA कहा. उन्‍होंने कहा कि हम संयुक्त विकास, संयुक्त उत्पादन और साझा तकनीक की तरफ बढ़ रहे हैं. भारत-मिडिल ईस्ट-यूरोप इकोनॉमिक कॉरिडोर पर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि हम इतिहास में सबसे महान ट्रेड रूट में से एक के निर्माण में मदद करने के लिए मिलकर काम करने पर सहमत हुए हैं. यह भारत से इजरायल से इटली और आगे अमेरिका तक चलेगा. 

 

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ट्रंप और पीएम मोदी के बीच सवाल जवाब का सिलसिला जारी रहा

‘यदि आप भारत के साथ व्यापार पर सख्त रुख अपनाएंगे तो चीन से कैसे लड़ेंगे’ के सवाल पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, “हम किसी को भी हराने के लिए बहुत अच्छी स्थिति में हैं. लेकिन हम किसी को हराने की कोशिश नहीं कर रहे हैं, हम वाकई अच्छा काम करना चाहते हैं. हमने अमेरिकी लोगों के लिए शानदार काम किया है. हमारे 4 साल बहुत अच्छे रहे और हमें एक भयानक प्रशासन ने बाधित किया…अब, हम इसे फिर से एक साथ ला रहे हैं. मुझे लगता है कि यह पहले की तुलना में बहुत मजबूत होने जा रहा है या पहले की तुलना में और भी अधिक मजबूत होने जा रहा है.”

 

‘क्या वह यूक्रेन में शांति स्थापित करने की अपनी योजना में भारत की भूमिका देखते हैं? के सवाल पूछे जाने पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ” हम सभी देशों के साथ मिलकर काम करने जा रहे हैं. हम बहुत अच्छा करने जा रहे हैं. मुझे लगता है कि हम रिकॉर्ड कारोबार, रिकॉर्ड संख्या में कारोबार करने जा रहे हैं. हम भारत के साथ भी काम करने जा रहे हैं. हमारे पास निकट भविष्य में घोषित करने के लिए कई बड़े व्यापार सौदे हैं.”

 

क्या भारत रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने में भूमिका निभा सकता है? के सवाल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा,” जहाँ तक रूस-यूक्रेन विवाद का सवाल है, मुझे बहुत खुशी है कि राष्ट्रपति ट्रंप ने शांति बहाली के लिए पहल की है और राष्ट्रपति पुतिन से फ़ोन पर बात की है. दुनिया की सोच रही है कि भारत तटस्थ देश है भारत तटस्थ नहीं है भारत का अपना एक पक्ष है और भारत का पक्ष है शांति. मैंने राष्ट्रपति पुतिन को उनकी मौजूदगी में मीडिया के सामने कहा था कि ये समय युद्ध का नहीं है…समस्याओं का समाधान युद्ध के मैदानों में नहीं निकलता है वो टैबल पर चर्चा करके ही निकलता है.”

 

तहव्वुर राणा को भारत प्रत्यर्पित किया जाएगा, ट्रप प्रशासन ने दी मंजूरी, पीएम मोदी और राष्‍ट्रपति ट्रंप के बीच हुई द्विपक्षीय वार्ता के बाद साझा प्रेस कॉन्‍फ्रेंस के दौरान ट्रंप ने कहा, ‘मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि हमारे प्रशासन ने भारत में न्याय का सामना करने के लिए 2008 के मुंबई आतंकवादी हमले के दोषी तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण को मंजूरी दे दी है. वह न्याय का सामना करने के लिए भारत वापस जा रहा है.’ इस पर पीएम मोदी ने कहा कि आतंक से लड़ने पर हम सहयोग करेंगे. मौजूदा दौर में सीमा पार आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जरूरत है. मुंबई में 26/11 के आतंकवादी तहव्वुर राणा के प्रत्यर्पण का निर्णय लेने पर राष्ट्रपति ट्रंप का आभारी हूं. हमारे देश की न्‍यायपालिका उसे न्याय के कटघरे में लाएंगी.

 

‘क्या अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ बैठक में कारोबारी गौतम अडानी के खिलाफ मामले पर चर्चा हुई?’ के सवाल पूछे जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “भारत एक लोकतांत्रिक देश है और हमारी संस्कृति ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की है, हम पूरी दुनिया को एक परिवार मानते हैं. हर भारतीय को मैं अपना मानता हूं. ऐसे व्यक्तिगत मामलों के लिए दो देशों के मुखिया न मिलते है न बैठते हैं न बात करते हैं.”

 

मोदी से मुलाकात से पहले ट्रंप ने फोड़ा ‘टैरिफ बम’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात से चंद घटों पहले राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप ने ‘टैरिफ बम’ फोड़ दिया. ट्रंप ने टैरिफ नीति पर साइन कर दिये, जिसके मुताबिक, अमेरिका अब अन्‍य देशों पर उतना ही टैरिफ लगाएंगे, जितना वो लगाते हैं. ट्रंप का कहना है कि व्यापार के मामले में हमने निष्पक्षता के साथ यह निर्णय लिया है कि हम पारस्परिक टैरिफ (reciprocal tariffs) लागू करेंगे, जिसका मतलब है कि जो भी देश अमेरिका से शुल्क वसूलते हैं, हम भी उन पर शुल्क लगाएंगे- न ज्यादा, न कम.’ ट्रंप के इस फैसले से वैश्विक स्तर पर आर्थिक गतिरोध पैदा होने की आशंका बढ़ गई है. भारत पर भी इसका प्रभाव देखने को मिल सकता है.

Show More
Back to top button