महाकुंभ से लौट रही बस दुर्घटाग्रस्त, सड़क हादसे में 20 यात्री घायल

आगरा-कानपुर सिक्स लेन हाईवे पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें 20 यात्री घायल हो गए. दरअसल दिल्ली से प्रयागराज कुंभ स्नान के लिए जा रही एक बस बकेवर ओवरब्रिज पर ट्रक ट्राला से टकराई जिसके चलते बस में सवार करीब 20 यात्री घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही टोल प्लाजा की टीम और बकेवर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर भूपेंद्र कुमार सिंह राठी, कस्बा इंचार्ज हाकिम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बस चालक को स्टीयरिंग के बीच से सुरक्षित निकाला और अन्य घायलों को अस्पताल भेजा.
घायलों में से 13 यात्रियों ने महेवा सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद घर लौटने का निर्णय लिया, जबकि सात यात्रियों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया.
हादसा गुरुवार सुबह लगभग 4:45 बजे हुआ, जब दिल्ली से आ रही बस बकेवर ओवरब्रिज के पास एक ट्राला ट्रक में पीछे से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का चालक स्टीयरिंग के बीच फंस गया. स्थानीय पुलिस और राहत दल ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया.
प्रशासन ने यात्रियों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है.





