प्रयागराज महाकुंभ में ‘सबसे सुंदर साध्वी’ के नाम से चल रही धोखाधड़ी, हर्षा रिछारिया ने दी चेतावनी

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ मेले में श्रद्धालु संगम में आस्था की डुबकी लगाने पहुंच रहे हैं। इसी दौरान महाकुंभ की ‘सबसे सुंदर साध्वी’ के रूप में चर्चा में आईं हर्षा रिछारिया ने सोशल मीडिया पर एक गंभीर खुलासा किया है। हर्षा, जो हाल ही में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के रूप में चर्चित हुई थीं, ने बताया कि उनके नाम से कई फर्जी अकाउंट्स बनाए गए हैं, जिनके माध्यम से लोगों से पैसे मांगे जा रहे हैं।
हर्षा ने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर कहा, “मेरे नाम से इंस्टाग्राम, फेसबुक और ट्विटर पर हजारों फर्जी अकाउंट्स बने हुए हैं। पहले ये अकाउंट्स कोई परेशानी नहीं कर रहे थे, लेकिन अब इनसे पैसों की मांग की जा रही है, जो पूरी तरह से धोखाधड़ी है। मैं सिर्फ एक अकाउंट का इस्तेमाल करती हूं, और बाकी सभी अकाउंट्स से मेरा कोई लेना-देना नहीं है।”
उन्होंने आगे कहा कि अगर कोई व्यक्ति उनके नाम से पैसे मांगने वाला मैसेज या क्यूआर कोड प्राप्त करता है, तो उसे तुरंत रिपोर्ट करना चाहिए और स्क्रीनशॉट्स भेजने चाहिए, ताकि वह साइबर सेल में शिकायत दर्ज करवा सकें। हर्षा ने चेतावनी दी कि ऐसे धोखेबाजों को जल्द ही सजा दिलवाकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हर्षा ने अपने वीडियो के कैप्शन में लिखा, “मेरे नाम का गलत इस्तेमाल करने और मुझे बदनाम करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कृपया उन अकाउंट्स को रिपोर्ट करें और स्क्रीनशॉट मुझे भेजें। हम मिलकर इन धोखेबाजों को पकड़कर उन्हें सजा दिलवाएंगे। हर हर महादेव।”





