मनोरंजन

सैफ अली खान हमला: चाकू मारने वाला असली गुनहगार या कोई और?

मुंबई के बांद्रा इलाके में अभिनेता सैफ अली खान पर हुए चाकू हमले की जांच कई पहलुओं से की जा रही है। इस मामले में गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद को बुधवार को बांद्रा कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। बांद्रा कोर्ट ने मामले की सुनवाई के दौरान कहा कि जांच लगभग पूरी हो चुकी है और फिलहाल पुलिस हिरासत की आवश्यकता नहीं है। आरोपी के वकील संदीप शेरखाने ने बताया कि न्यायिक हिरासत बढ़ा दी गई है, क्योंकि पुलिस हिरासत देने का कोई ठोस आधार नहीं था।

 

मुंबई पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिले हैं, जो उसकी संलिप्तता को साबित करते हैं। हालांकि, पहले की सीआईडी जांच में घटनास्थल से बरामद फिंगरप्रिंट आरोपी से मेल नहीं खाते थे। मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुंबई पुलिस के अपर आयुक्त (पश्चिम) परमजीत दहिया ने कहा कि पुलिस ने सही आरोपी को गिरफ्तार किया है और जांच जारी है।

 

16 जनवरी की सुबह, सैफ अली खान के बांद्रा स्थित घर में एक शख्स चोरी के इरादे से घुसा। घरेलू सहायिका के साथ उसकी कहासुनी हुई, जिसके बाद शोर सुनकर सैफ अली खान मौके पर पहुंचे। इसी दौरान हमलावर ने उन पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उनकी गर्दन, हाथ और रीढ़ की हड्डी के पास गंभीर चोटें आईं। उन्हें लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अब उनकी हालत में सुधार हो रहा है।

 

हालांकि आरोपी हिरासत में है, लेकिन पुलिस अब भी इस मामले की कई गुत्थियों को सुलझाने में जुटी हुई है। आगे की जांच में नए सबूत सामने आने पर पुलिस BNSS कानून के तहत आरोपी की पुलिस हिरासत की मांग कर सकती है।

Show More
Back to top button