ताज़ा खबरें

पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह का निधन, देश की आखें नम… 7 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित

देश के पूर्व प्रधानमंत्री और 1991 के ऐतिहासिक आर्थिक सुधारों के निर्माता डॉ. मनमोहन सिंह का 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया. गुरुवार को हुए मनमोहन सिंह के निधन ने सभी को दुखी कर दिया. पूर्व पीएम डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर देश में 7 दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया. वहीं आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के आवास पर पहुंचे.

 

बता दें कि गंभीर हालत में उन्हें दिल्ली के एम्स में भर्ती कराए जाने के कुछ ही देर बाद अस्पताल ने उनके निधन की खबर दी. शुक्रवार को होने वाले सभी सरकारी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं. आज सुबह 11 बजे कैबिनेट की बैठक होगी.

 

पीएम मोदी ने ट्वीट किया, “भारत अपने सबसे प्रतिष्ठित नेताओं में से एक डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन पर शोक मनाता है. साधारण परिवार से उठकर वह एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री बने. उन्होंने वित्त मंत्री सहित विभिन्न सरकारी पदों पर कार्य किया और वर्षों तक हमारी आर्थिक नीति पर एक मजबूत छाप छोड़ी. संसद में उनका हस्तक्षेप भी व्यावहारिक था. हमारे प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए व्यापक प्रयास किए.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, “पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन की सूचना अत्यंत दुःखद है। भारतीय रिजर्व बैंक में गवर्नर से लेकर देश के वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में डॉ. मनमोहन सिंह जी ने देश की शासन व्यवस्था में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों व समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूँ। वाहेगुरु जी उनकी आत्मा को सद्गति प्रदान करें और उनके परिवारजनों को यह दुःख सहने की शक्ति दें।’

 

दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने भी पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर दुख जताया. एलजी ने कहा कि सिंह एक दूरदर्शी नेता थे और उनका जीवन “आकांक्षी भारत की यात्रा” थी. एलजी ने एक्स पर एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन पर मेरी गहरी संवेदनाएं. एक दूरदर्शी नेता, जो आम और विनम्र लोगों के बीच से उठे, उनकी यात्रा आकांक्षी भारत की थी. दुख और अपूरणीय क्षति की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके और उनके परिवार के साथ हैं.”

 

दिल्ली की सीएम आतिशी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताया. दुख जताते हुए आतिशी ने कहा कि देश ने न सिर्फ एक प्रसिद्ध अर्थशास्त्री खोया है, बल्कि एक ऐसा नेता भी खोया है, जिसकी विद्वता और गरिमा को हमेशा याद रखा जाएगा. आतिशी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन से देश ने न सिर्फ एक विश्व प्रसिद्ध अर्थशास्त्री खोया है, बल्कि एक ऐसा नेता भी खोया है, जिसकी विद्वता और गरिमा को हमेशा याद रखा जाएगा. उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति गहरी संवेदना. ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करे”.

 

संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने मनमोहन सिंह को श्रद्धांजलि दी. संघ ने X पर एक पोस्ट में कहा, ”भारत के पूर्व प्रधानमंत्री और देश के वरिष्ठ नेता डॉ. सरदार मनमोहन सिंह के निधन से पूरा देश बेहद दुखी है. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उनके परिवार और अनगिनत प्रियजनों और प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है. डॉ. मनमोहन सिंह एक साधारण पृष्ठभूमि से आने के बावजूद देश के सर्वोच्च पद पर आसीन हुए. प्रख्यात अर्थशास्त्री डॉ. सिंह का भारत के लिए योगदान हमेशा याद किया जाएगा. हम ईश्वर से दिवंगत आत्मा को सद्गति प्रदान करने की प्रार्थना करते हैं.”

 

पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा, “देश ने एक राजनेता ही नहीं, बल्कि एक अर्थशास्त्री भी खो दिया है. पंजाब के एक गांव में जन्म लेने से लेकर अर्थशास्त्री और प्रधानमंत्री बनने तक का उनका सफर राष्ट्र सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है. उन्हें उनकी सादगी और उनके आर्थिक फैसलों के लिए हमेशा याद किया जाएगा. मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति मिले.”

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button