PAK vs ENG: टेस्ट में पाकिस्तान की शर्मनाक हार, इंग्लैंड ने दर्ज किए कई रिकॉर्ड

मुल्तान में चल रहे पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच टेस्ट मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड ने पारी और 47 रन से बड़ी जीत हासिल कर इस मुकाबले को इतिहास में दर्ज कर दिया है. इंग्लैंड के लिए युवा स्टार हैरी ब्रूक ने 5वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 322 गेंद में 317 रन की बहतरीन तिहरी शतकीय पारी खेली और मैच अपने नाम कर लिया.
पाकिस्तान की टीम इंग्लैंड के खिलाफ पहली पारी में 556 रन बनाकर भी पारी के अंतर से ही हार गई. यह 147 साल के टेस्ट इतिहास में पहला मौका है जब कोई टीम पहली पारी में 500 रन से ज्यादा बनाने के बावजूद पारी के अंतर से हार गई. इंग्लैंड ने पाकिस्तान को इस मैच में पारी और 47 रन से हराया.
बता दें कि हैरी ब्रूक और रूट की साझेदारी की बदौलत इंग्लैंड पहली पारी में 800 का विशाल आंकड़ा पार कर सकी. पाकिस्तान के खिलाफ यह मुकाबला अपने नाम कुछ बड़े रिकॉर्ड दर्ज कर गया, जिसके लिए दुनिया इस टेस्ट मैच को हमेशा याद रखेगी.
रिकॉर्ड कुछ इस प्रकार हैं-
- इंग्लैंड के लिए जो रूट ने 262 रन की दोहरी शतकीय पारी खेली. इस दौरान उन्होंने कुछ खास उपलब्धियां भी हासिल की. वह इंग्लैंड के लिए टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने अपने पूर्व साथी क्रिकेटर एलिस्टेयर कुक (12472) को पछाड़ा है. रूट के नाम टेस्ट क्रिकेट में अब 12664 रन दर्ज हैं.
- मुल्तान टेस्ट में रूट और ब्रूक की साझेदारी ने पहले इंग्लैंड की तरफ से टेस्ट क्रिकेट के एक मुकाबले में सबसे ज्यादा रनों की साझेदारी करने वाले पीटर मे और कॉलिन काउड्रे के नाम दर्ज रिकॉर्ड को तोड़ दिया. इन दोनों बल्लेबाजों ने 1957 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 411 रनों की साझेदारी की थी. मगर यह खास रिकॉर्ड अब रूट और ब्रूक के नाम दर्ज हो गया है. इन दोनों बल्लेबाजों ने पिछले मुकाबले में 454 रन की साझेदारी की है.
- इंग्लैंड ने मुल्तान में विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 823-7 रन बनाए. जिसके साथ ही वह टेस्ट क्रिकेट में पाकिस्तान के खिलाफ एक पारी में 800 रन बनाने वाली पहली टीम बन गई है. इससे पहले वेस्टइंडीज ने 1958 में तीन विकेट पर 790 रन बनाए थे.
- मैच के दौरान हैरी ब्रूक ने एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की. ब्रूक ने मैच के दौरान 310 गेंदों में तिहरा शतक जड़ा, जो टेस्ट क्रिकेट का दूसरा सबसे तेज तिहरा शतक है. इस लिस्ट में पहले स्थान पर भारतीय बल्लेबाज विरेंद्र सहवाग का नाम आता है, जिन्होंने 2008 में केवल 278 गेंदों में तिहरा शतक पूरा किया था.





