राजनाथ सिंह ने अमेरिकी रक्षा सचिव लॉयड जे. ऑस्टिन से की मुलाक़ात, रक्षा सहयोग बढ़ाने पर हुई चर्चा

राजनाथ सिंह ने अमेरिकी रक्षा सचिव लॉयड जे. ऑस्टिन से की मुलाक़ात, रक्षा सहयोग बढ़ाने पर हुई चर्चा
भारतीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वाशिंगटन डी.सी पहुंचने के बाद अमेरिका के रक्षा सचिव लॉयड जे. ऑस्टिन से मुलाकात की। इस मुलाकात में दोनों देशों के बीच मौजूदा रक्षा सहयोग गतिविधियों की समीक्षा की गयी। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच रक्षा सहयोग की मजबूती को लेकर चर्चा हुई। इसके अलावा रक्षा मंत्री ने मौजूदा रक्षा सहयोग गतिविधियों की समीक्षा करने और उन्हें और गहरा करने पर भी सहमति जताई।
रक्षा मंत्री राजनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा कि, “मेरे प्रिय मित्र अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन के साथ शानदार बैठक हुई। हमने मौजूदा रक्षा सहयोग गतिविधियों की समीक्षा की तथा इसे प्रगाढ़ बनाने के तरीकों पर चर्चा की। आपूर्ति सुरक्षा व्यवस्था पर हस्ताक्षर तथा प्रमुख अमेरिकी कमान में भारतीय अधिकारियों की तैनाती के लिए समझौता ऐतिहासिक घटनाक्रम हैं.”
Excellent meeting with my dear friend @SecDef Lloyd Austin. We reviewed the existing defence cooperation activities and discussed ways to deepen it further.
The signing of Security of Supply Arrangements and the agreement for positioning of Indian officers at key US commands… pic.twitter.com/wejbKjWOHI
— Rajnath Singh (@rajnathsingh) August 23, 2024
बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने इंडो-पैसिफिक समुद्री डोमेन जागरूकता, एक क्वाड पहल के संचालन में हुई प्रगति औऱ हिंद महासागर क्षेत्र में भागीदारों के लिए समुद्री डोमेन जागरूकता बढ़ाने के लिए भारत द्वारा चल रहे प्रयासों की भी सराहना की।
उन्होंने संयुक्त समुद्री बलों (सीएमएफ) में चल रही भारतीय भागीदारी का स्वागत किया। कहा कि भारत 2025 में सीएमएफ के संयुक्त कार्य बल 150 मुख्यालय में भारतीय नौसेना कर्मियों को तैनात करेगा। इस दौरान ऑस्टिन ने स्टार्ट-अप, उद्योग, शिक्षा जगत और सरकारों के बीच मजबूत नेटवर्क स्थापित करने, अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों को अपनाने में तेजी लाने के साथ ही दोनों पक्षों की युद्ध क्षमताओं को बढ़ाने के लिए भारत-अमेरिका रक्षा त्वरण पारिस्थितिकी तंत्र (INDUS-X) के प्रयासों की भी सराहना की।
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि सितंबर 2024 में आगामी INDUS X सिलिकॉन वैली शिखर सम्मेलन में कई प्रमुख पहलों की घोषणा की जाएगी। दोनों मंत्रियों ने भारत और अमेरिका के बीच सुरक्षा आपूर्ति व्यवस्था (एसओएसए) के समापन पर प्रसन्नता व्यक्त की।
राजनाथ सिंह दोनों देशों के बीच व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को प्रगाढ़ बनाने के उद्देश्य से चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर बृहस्पतिवार को यहां पहुंचे. सिंह ने अपनी इस यात्रा के दौरान भारतीय समुदाय से भी बातचीत की.





