बिहार में बिजली गिरने से 12 लोगों की मौत, सीएम नीतीश ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

पटनाः बीते 24 घंटे बिहार के लिए बेहद भयानक रहे हैं क्योंकि बिहार में मौसम का कहर देखने को मिल रहा है. मानसूनी बारिश के दौरान आकाशीय बिजली आम लोगों के लिए मौत बनकर बरसी है. बीते महज 24 घंटों में आकाशीय बिजली का प्रकोप एक दो नहीं बल्कि बिहार के 12 लोगों पर गिरा है. जी हां बिजली गिरने के चलते बिहार में 12 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है. इस पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दुख व्यक्त किया है. साथ ही लोगों से सतर्क और सुरक्षित जगहों पर रहने की अपील की है.
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वज्रपात से हुई इन मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए सोमवार को कहा कि आपदा की इस घड़ी में वह प्रभावित परिवारों के साथ हैं. मुख्यमंत्री कार्यालय से एक प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई. इसके अनुसार, पिछले 24 घंटे के दौरान वज्रपात की चपेट में आकर जमुई और कैमूर में तीन-तीन, रोहतास में दो, सारण, सहरसा, भोजपुर और गोपालगंज में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई.

वहीं इस दर्दनाक हादसे के बाद सीएम नीतीश कुमार ने मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रूपये की अनुग्रह राशि देने के निर्देश दिये हैं. मुख्यमंत्री ने अपील की है कि सभी लोग खराब मौसम में पूरी तरह से सतर्कता बरतें, वज्रपात से बचाव के लिए आपदा प्रबंधन विभाग के समय-समय पर जारी किए गए सुझावों का अनुपालन करें, खराब मौसम के दौरान घरों में रहें और सुरक्षित रहें.





