Hindi Newsportal

अयोध्या में दीपोत्सव आज, पहली बार पीएम मोदी करेंगे शिरकत, 15 लाख दीप जलाकर नया विश्व रिकॉर्ड बनाने की है तैयारी

0 247

अयोध्या में दीपोत्सव आज, पहली बार पीएम मोदी करेंगे शिरकत, 15 लाख दीप जलाकर नया विश्व रिकॉर्ड बनाने की है तैयारी

 

आज यानी रविवार को उत्तर प्रदेश के अयोध्या में दिवाली के शुभ अवसर पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस मौके पर पहली बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे। इस दौरान राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल उनका स्वागत करेंगे। इसके बाद श्रीराम का राज्याभिषेक होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महर्षि वशिष्ठ की भूमिका में उनका राजतिलक कर आरती उतारेंगे।

पहली बार दीपोत्सव में शामिल हो रहे पीएम मोदी

इस साल अयोध्या में आयोजित दीपोत्सव 2022 में पीएम नरेंद्र मोदी पहली बार पहुंच रहे हैं। वर्ष 2017 में यूपी में योगी आदित्यनाथ की सरकार का गठन होने के बाद अयोध्या में दीपोत्सव का कार्यक्रम आयोजित किया जाना शुरू किया गया था। दीपोत्सव के छठे संस्करण में पीएम नरेंद्र मोदी अयोध्या के राजा के रूप में प्रभु श्रीराम के लंका विजय से लौटने के बाद प्रतीकात्मक राज्याभिषेक करेंगे। श्रीराम कथा पार्क में इसका आयोजन होगा। पीएम नरेंद्र मोदी नया घाट पर सरयू जी की आरती भी करेंगे।

पीएम मोदी रामनगरी में 3 घंटे 20 मिनट तक रहेंगे। इस दौरान वे रामलला का दर्शन-पूजन करेंगे। राम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र का निरीक्षण करेंगे। 6.10 बजे भगवान श्रीराम के स्वरूप का राज्याभिषेक करेंगे। इसके बाद सरयू तट पर आरती में सम्मिलित होंगे और फिर राम की पैड़ी पर दीपोत्सव में शामिल होंगे।

15 लाख दीप प्रज्वल्लित किए जाएंगे

रविवार को अयोध्या की राम की पैड़ी पर 15 लाख दीप जलाकर नया विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी की जा रही है।  इसके लिए गिनीज बुक ऑफ रिकॉर्ड की टीम मौजूद रहेगी। रिकॉर्ड बनाने के लिए 15 लाख दीपकों को 5 मिनट तक लगातार जलना जरूरी है। साथ ही सभी दीपकों को 40 मिनट के अंदर जलाना होगा।