मोदी सरनेम वाले मामले में राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से मिली बड़ी राहत, कोर्ट ने अगले आदेश तक सजा पर लगाई रोक
मोदी सरनेम वाले मामले में राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से मिली बड़ी राहत, कोर्ट ने अगले आदेश तक सजा पर लगाई रोक
कांग्रेस नेता राहुल गांधी को आज यानी शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने मोदी सरनेम मामले में राहुल की सजा पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है। बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुजरात हाई कोर्ट के फैसले को चुनौती दी थी। हाई कोर्ट ने आपराधिक मानहानि मामले में राहुल की सजा पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था।
'मोदी' उपनाम टिप्पणी मामले में सुप्रीम कोर्ट का कहना है कि निचली अदालत के न्यायाधीश द्वारा अधिकतम सजा देने का कोई कारण नहीं बताया गया है, अंतिम फैसला आने तक दोषसिद्धि के आदेश पर रोक लगाने की जरूरत है।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) August 4, 2023
सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को राहत देते हुए कहा कि ट्रायल कोर्ट के आदेश के प्रभाव व्यापक हैं। इससे न केवल राहुल गांधी का सार्वजनिक जीवन में बने रहने का अधिकार प्रभावित हुआ, बल्कि उन्हें चुनने वाले मतदाताओं का अधिकार भी प्रभावित हुई है।
सुप्रीम कोर्ट ने मोदी उपनाम की टिप्पणी करने के मामले में कहा कि वे जानना चाहता है कि राहुल को अधिकतम सजा क्यों दी गई। निचली अदालत की तरफ से राहुल को दी गई अधिकतम सजा देने के लिए कोई वजह नहीं बताई गई है। कोर्ट ने कहा कि आखिरी फैसला आने तक दोषसिद्धि करार दिए जाने तक राहुल गांधी की सजा पर रोक लगाने की जरूरत है।
कोर्ट के इस आदेश के बाद कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने ख़ुशी जाहिर करते हुए कहा कि आज खुशी का दिन है…मैं आज ही लोकसभा अध्यक्ष को पत्र लिखूंगा और बात करूंगा। उन्होंने कहा कि संसद परिसर में हर जगह आपको ‘सत्यमेव जयते’ दिखेगा। राहुल गांधी के खिलाफ साजिश आज नाकाम हो गई है। राहुल गांधी की जीत मोदी जी पर भारी पड़ेगी।
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा ‘मोदी सरनेम’ मानहानि मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सजा पर रोक लगाने के बाद AICC कार्यालय में जश्न मनाया।





