मध्य प्रदेश: जबलपुर की ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में हुआ जोरदार धमाका, कई कर्मचारी घायल
मध्य प्रदेश: जबलपुर की ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में हुआ जोरदार धमाका, कई कर्मचारी घायल
मध्य प्रदेश के जबलपुर के खमरिया स्थित एक ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में जबर्दस्त धमाका हो गया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक बम में बारूद भरने के दौरान ब्लास्ट हुआ। जिसके वजह से मौके पर मौजूद कई कर्मचारी बुरी तरह से घायल हो गए हैं। घायल हुए सभी कर्मचारियों को जबलपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए लाया गया है। बताया जा रहा है कि इनमें से दो कर्मचारियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मौके पर फैक्ट्री के कर्मचारियों की ओर से रेस्क्यू कार्य जारी है। आग को बुझाया जा रहा है। फैक्ट्री प्रबंधन ने तत्काल घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया है। धमाके की वजह से फैक्ट्री की एक बिल्डिंग धराशाई हो गई है। बता दें कि जबलपुर की इस ऑर्डिनेंस फैक्ट्री को भारत सरकार की ओर से संचालित किया जाता है। इस फैक्ट्री में सेना के लिए हथियार और बम बनाए जाते हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, धमाके की आवाज कई किमी दूर तक सुनाई दी। घायलों का इलाज एक प्राइवेट अस्पताल के बर्न यूनिट में चल रहा है।
जिस स्थान पर ब्लास्ट हुआ है वह फैक्ट्री का सुरक्षित इलाका है और यहां तक किसी बाहरी व्यक्ति को आने की अनुमति नहीं है इसलिए नुकसान कितना हुआ है यह तो फैक्ट्री से आधिकारिक जानकारी बाहर आने के बाद ही पता लगेगा। ब्लास्ट क्यों हुआ इसकी जानकारी भी फिलहाल सही तौर पर किसी के पास नहीं है।





