आसमान में दिखा भारत का नया जेट फाइटर प्लेन, Tejas MK-1A की पहली उड़ान सफल

आसमान में दिखा भारत का नया जेट फाइटर प्लेन, Tejas MK-1A की पहली उड़ान सफल
भारत के नए जेट फाइटर विमान को आज असामना में पहली बार देखा गया। भारत के नए जेट फाइटर प्लेन Tejas Mk-1A की पहली उड़ान मार्च 28, 2024 को सफल हुई। बेंगलुरु स्थित हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड की फैसिलिटी में यह उड़ान सफलतापूर्वक पूरी हुई। यह उड़ान करीब 18 मिनट रही।
एचएएल इस स्वदेशी लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट को इस महीने के अंत या फिर अगले महीने की शुरुआत में वायुसेना को सौंप सकता है। इस लड़ाकू विमान को वायुसेना पाकिस्तान की सीमा से सटे राजस्थान के बीकानेर स्थित नाल एयरक्राफ्ट स्टेशन पर तैनात किया जा सकता है।
विमान के उन्नत संस्करण, तेजस एमके-1ए में उन्नत मिशन कंप्यूटर, उच्च प्रदर्शन क्षमता वाला डिजिटल फ्लाइट कंट्रोल कंप्यूटर (DFCC Mk-1A), स्मार्ट मल्टी-फंक्शन डिस्प्ले (SMFD), एडवांस्ड इलेक्ट्रॉनिकली स्कैन्ड ऐरे (AESA) रडार, एडवांस्ड सेल्फ-प्रोटेक्शन जैमर, इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर सूट आदि सुविधाएं हैं।
यह फाइटर जेट वैसे तो तेजस एमके-1 की तरह ही है, इसमें कुछ चीजें बदली गई हैं। जैसे इसमें अत्याधुनिक इलेक्ट्रॉनिक वारफेयर सूईट, उत्तम एईएसए राडार, सेल्फ प्रोटेक्शन जैमर, राडार वॉर्निंग रिसीवर लगा है. इसके अलावा इसमें बाहर से ECM पॉड भी लगा सकते हैं।
गौरतलब है कि यह लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट करीब 2200 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उड़ सकता है। यह अधिकतम 50 हजार फीट की ऊंचाई तक जा सकता है। इसको 9 रॉकेट, बम और मिसाइल से लैस किया जा सकता है। इसमें हैमर और ब्रह्मोस जैसी मिसाइलें भी लगाने की तैयारी की जा रही है।





