बागपत में बड़ा हादसा: जैन निर्वाण महोत्सव के दौरान मंच ढहने से 7 की मौत, 75 से अधिक घायल

बागपत में बड़ा हादसा: जैन निर्वाण महोत्सव के दौरान मंच ढहने से 7 की मौत, 75 से अधिक घायल
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया। श्री दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज के मैदान में भगवान आदिनाथ के निर्वाण लड्डू पर्व के दौरान बना अस्थायी मंच गिर गया जिससे 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 75 से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
कार्यक्रम के लिए 65 फीट ऊंचा मंच बनाया गया था। बताया जा रहा है कि श्रद्धालुओं की अधिक संख्या के कारण मंच की सीढ़ियां टूट गईं, जिससे नीचे खड़े लोगों पर गिर गईं। सीढ़ियों के गिरने से भगदड़ मच गई और कई लोग मलबे में दब गए।
हादसे में मरने वालों की पहचान तरसपाल, अमित, अरुण, ऊषा, शिल्पी, विनीत जैन और कमलेश जैन के रूप में हुई है। सभी मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हादसे में 75 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें 15 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। घायलों को शहर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह कार्यक्रम पिछले 25 वर्षों से आयोजित किया जा रहा था। कार्यक्रम स्थल पर हाल ही में मिट्टी भरी गई थी, जिससे जमीन में नमी थी। मंच पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने के कारण बल्लियों का संतुलन बिगड़ गया और मंच गिर गया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने घायलों को बेहतर इलाज और राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने भी घटना पर दुख जताते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। जयंत चौधरी ने घटनास्थल और अस्पताल का दौरा भी किया।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। घायलों को ई-रिक्शा और अन्य वाहनों के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। जिला प्रशासन की ओर से राहत कार्य तेजी से चलाया जा रहा है। इस हादसे ने स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं को गहरे सदमे में डाल दिया है।





