फैक्ट चेक: अरुण गोविल ने पीएम मोदी की विदेश यात्रा पर नहीं दिया यह बयान, पढ़ें पूरी रिपोर्ट

फैक्ट चेक: अरुण गोविल ने पीएम मोदी की विदेश यात्रा पर नहीं दिया यह बयान, पढ़ें पूरी रिपोर्ट
सोशल मीडिया पर मेरठ से भाजपा सांसद अरुण गोविल की एक वीडियो क्लिप तेजी से वायरल हो रही है। वीडियो में अरुण गोविल संसद भवन के बाहर मीडिया को इंटरव्यू देते हुए नजर आ रहे हैं। जहाँ वह मीडिया से कहते हैं कि “मुझे समझ में नहीं आता, ये जिन लोगों ने इन्हें चुनकर भेजा, उनको ये क्या जवाब देंगे? क्या ये करने के लिए इनकी जनता ने इनको चुनकर यहां भेजा है। कितनी शर्म की बात है ये। पार्लियामेंट चलाने में कितना खर्चा होता है, उस खर्चों का भी इनको ध्यान नहीं है. इन्हें देश की किसी चीज का ध्यान नहीं है”। मेरठ सांसद के इसी वीडियो को इंटरनेट पर शेयर कर दावा किया जा रहा है कि उन्होंने यह बयान पीएम मोदी के संसद में मौजूद न रहने व विदेश जाने की आलोचना में दिया है।
फेसबुक पर वायरल वीडियो को शेयर कर हिंदी भाषा के कैप्शन में लिखा गया है कि “बीजेपी पर भड़के बीजेपी सांसद अरुण गोविल, संसद शुरू होते ही विदेश भाग जाते हैं मोदी, हम तो फ़कीर हैं झोला लेकर भागना ही है”.

फेसबुक के वायरल पोस्ट का लिंक यहाँ देखें।
फैक्ट चेक:
न्यूज़मोबाइल की पड़ताल में हमने जाना कि यह वायरल वीडियो अधूरी जानकारी के साथ शेयर किया गया है।
गौरतलब है कि देश की संसद में मानसून सत्र चल रहा है, जो जुलाई 21, 2025 को शुरू हुआ और अगस्त 21, 2025 तक चलेगा। गौरतलब है कि मानसून सत्र आरंभ होने पर पीएम मोदी ने मीडिया को संबोधित किया था लेकिन बाद में जुलाई 23, 2025 को पीएम मोदी यूनाइटेड किंगडम और मालदीव की विदेश यात्रा पर चले गए हैं।
इसी को लेकर सोशल मीडिया पर मेरठ सांसद अरुण गोविल का यह वीडियो वायरल हो रहा है। लेकिन हमें शक हुआ कि वीडियो को गलत संदर्भ में वायरल किया जा रहा है, इसकी सच्चाई जानने के लिए हमने पड़ताल की।
सबसे पहले हमने कुछ कीवर्ड्स के माध्यम से खोजना शुरू किया। खोज के दौरान हमें वायरल वीडियो क्लिप का पूरा वीडियो ANI के आधिकारिक एक्स हैंडल पर मिला।
#WATCH दिल्ली: भाजपा सांसद अरुण गोविल ने कहा, “यह विपक्ष का बहुत खराब रवैया है…ससंद चलाने में कितना खर्चा होता है, उसका भी इन्हें ध्यान नहीं है…सरकार यह कह चुकी है वो हर विषय पर चर्चा करने के लिए तैयार है लेकिन विपक्ष चर्चा नहीं करना चाहता, इनको सिर्फ शोर मचाना है…” pic.twitter.com/BsVdvTjbap
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 23, 2025
उपरोक्त पोस्ट में मिले पूरे वीडियो को देखने पर हमने जाना कि “एएनआई के पत्रकार ने मेरठ से भाजपा सांसद अरुण गोविल से विपक्ष के हंगामे को लेकर सवाल पूछा था। जिसपर सांसद ने जवाब देते हुए कहा कि “ये बहुत ही खराब रवैया है विपक्ष का और मुझे समझ में नहीं आता, ये जिन लोगों ने इन्हें चुनकर भेजा, उनको ये क्या जवाब देंगे? क्या ये करने के लिए इनकी जनता ने इनको चुनकर यहां भेजा है. कितनी शर्म की बात है ये. पार्लियामेंट चलाने में कितना खर्चा होता है, उस खर्चों का भी इनको ध्यान नहीं है. इन्हें देश की किसी चीज का ध्यान नहीं है। सिर्फ अपना शोर मचाना है। जब सरकार ये कह चुकी है कि हम हर विषय पर चर्चा करने को तैयार हैं। ये चर्चा नहीं करना चाहते, इनको सिर्फ शोर मचाना है।”
उपरोक्त पड़ताल के दौरान मिले तथ्य से हमने जाना कि वायरल वीडियो आधी अधूरी जानकारी के साथ शेयर किया जा रहा है। दरअसल मेरठ भाजपा सांसद का जो वीडियो वायरल है वो उन्होंने विपक्ष के हंगामे को लेकर कही थी जिसे सोशल मीडिया पर भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।





