प्रधानमंत्री मोदी 12 फरवरी से अमेरिका दौरे पर, राष्ट्रपति ट्रंप से होगी अहम बातचीत

प्रधानमंत्री मोदी 12 फरवरी से अमेरिका दौरे पर, राष्ट्रपति ट्रंप से होगी अहम बातचीत
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 फरवरी से दो दिवसीय अमेरिका यात्रा पर जाएंगे, जहां वे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात करेंगे। इस यात्रा के दौरान व्यापार, रक्षा सहयोग, इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में रणनीतिक साझेदारी और तकनीकी सहयोग सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
आपको बता दे कि प्रधानमंत्री 10 और 11 फरवरी को पेरिस में आयोजित ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एक्शन समिट’ में भाग लेंगे और फिर 12 फरवरी की शाम को वाशिंगटन डीसी पहुंचेंगे। अगले दिन व्हाइट हाउस में दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी। यह पीएम मोदी की ट्रंप के दूसरे कार्यकाल के दौरान पहली अमेरिका यात्रा होगी।
किन मुद्दों पर होगी चर्चा?
भारत-अमेरिका व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने पर जोर
रक्षा और सुरक्षा सहयोग को और मजबूत करने की रणनीति
इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में भारत-अमेरिका की भूमिका और सहयोग पर चर्चा
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और तकनीकी क्षेत्रों में साझेदारी को नया आयाम देना
इसी बीच, ट्रंप प्रशासन ने यूएसएआईडी (यूनाइटेड स्टेट्स एजेंसी फॉर इंटरनेशनल डेवलपमेंट) को बंद करने के संकेत दिए हैं। ट्रंप के सलाहकार और सरकारी दक्षता विभाग (डीओजीई) के प्रमुख एलन मस्क ने बताया कि राष्ट्रपति इस निर्णय पर सहमत हो गए हैं। हालांकि, इस कदम का भारत पर सीमित प्रभाव होगा, क्योंकि भारत को वर्तमान में यूएसएआईडी के तहत अपेक्षाकृत कम आर्थिक सहायता मिलती है।
यूएसएआईडी ने पिछले 70 वर्षों से भारत में विभिन्न विकास कार्यों में सहयोग दिया है, लेकिन अब अमेरिकी दूतावास की वेबसाइट से यूएसएआईडी से संबंधित पेज हटाए जा रहे हैं। चालू वित्तीय वर्ष में भारत को 140 मिलियन डॉलर की सहायता मिलने की उम्मीद थी, जो 600 बिलियन डॉलर से अधिक के भारतीय बजट के मुकाबले बेहद मामूली राशि है।
प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा को भारत-अमेरिका संबंधों को नई दिशा देने वाले एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है। दोनों देशों के बीच रणनीतिक, व्यापारिक और रक्षा सहयोग पर अहम फैसले लिए जा सकते हैं।





