दिल्ली: निक्की यादव हत्याकांड में बड़ा खुलासा, शव को ठिकाने लगाने में सिपाही दे रहा था सलाह

दिल्ली: निक्की यादव हत्याकांड में बड़ा खुलासा, शव को ठिकाने लगाने में सिपाही दे रहा था सलाह
निक्की यादव हत्या मामला में एक बड़ा खुलासा हुआ है। यहाँ दिल्ली पुलिस ने साहिल गहलोत को उसके पिता वीरेंद्र गहलोत, उसके दो भाइयों और दो दोस्तों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी है। पुलिस ने बताया कि शनिवार को पांचों को द्वारका कोर्ट में पेश किया गया, जहां से पांचों को तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
साहिल गहलोत को पुलिस ने कथित प्रेमिका निक्की यादव की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया है और उससे गहन पूछताछ की गई है। विशेष पुलिस आयुक्त (अपराध) रवींद्र यादव ने कहा कि दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल नवीन मुख्य आरोपी साहिल गहलोत का रिश्तेदार है। गिरफ्तारी के बाद उसने अपनी कथित प्रेमिका निक्की यादव की हत्या की बात कबूल की, क्योंकि वह उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी।
क्राइम ब्रांच के विशेष आयुक्त रवींद्र सिंह यादव के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए चार अन्य आरोपितों के नाम आशीष, नवीन, अमर व लोकेश है। आशीष, साहिल का चचेरा भाई है व नवीन उसकी मौसी का बेटा है। नवीन, दिल्ली पुलिस में सिपाही है। उसकी तैनाती डीसीपी द्वारका आफिस में थी।
गिरफ्तारी होने पर विभाग ने उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उसे जल्द ही नौकरी से बर्खास्त कर दिया जाएगा। अमर व लोकेश साहिल गहलोत के घनिष्ठ दोस्त हैं।





