ताज़ा खबरें

तेलंगाना में बोले पीएम मोदी- “मेरा जीवन खुली किताब जैसा है, मैं देर रात तक काम करता हूं तो…”

तेलंगाना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आदिलाबाद में 56,000 करोड़ रुपए से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आज मुझे 30 से ज्यादा विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है, 56,000 करोड़ रुपए से अधिक ये परियोजना तेलंगाना समेत देश के अनेक राज्यों में विकास के नए अध्याय लिखेंगे.’

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “मेरा जीवन खुली किताब जैसा है. मुझे देशवासी भलीभांति जानते हैं, समझते हैं. मेरी पल पल की खबर देश रखता है। कभी जब मैं देर रात तक काम करता हूं और खबर बाहर निकल जाती है, तो देश से लाखों लोग मुझे लिखते हैं कि इतना काम मत करिए, कुछ आराम करिए.”

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेलंगाना में आयोजित कार्यक्रम में जनता को संबोधित करते हुए कहा, “पिछले 10 वर्षों में हमारी सरकार ने तेलंगाना के विकास के लिए कहीं ज्यादा राशि खर्च की है. हमारे लिए विकास का मतलब है – गरीब से गरीब का विकास, दलित, वंचित, आदिवासियों का विकास. हमारे इन प्रयासों का परिणाम है कि आज 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आ चुके हैं, ये हमारी गरीब कल्याण योजनाओं की वजह से मुमकिन हुआ है. विकास के इस अभियान को अगले 5 वर्षों में और तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा.”

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा, “केंद्र की हमारी सरकार को और तेलंगाना राज्य के निर्माण को करीब 10 साल हो गए हैं. जिस विकास का सपना तेलंगाना के लोगों ने देखा था उसे पूरा करने में केंद्र सरकार हर तरह से सहयोग कर रही है….”

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ” कुछ लोग आदत से मजबूर होते हैं और इसलिए बड़े सरल भाषा में कह देते हैं कि ये तो चुनावी सभा है जबकि ये चुनावी सभा नहीं है चुनाव की तो अभी घोषणा भी नहीं हुई है. आज देश में विकास का जो उत्सव चल रहा है उसमें मैं तेलंगाना के भाई और बहनों के बीच ये विकास का उत्सव मनाने आया हूं.”

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “तेलंगाना के लोग ये जान चुके हैं कि परिवारवादी पार्टियों के चहरे अलग हो सकते हैं लेकिन चरित्र एक ही होता है और इनके चरित्र में दो पक्की चीजें हैं- एक झूठ और दूसरा लूट है. तेलंगाना में जैसे TRS के BRS बनने से कुछ नहीं बदला था वैसे ही BRS के जगह कांग्रेस के आने से कुछ नहीं बदलने वाला. ये लोग एक ही थाली के चट्टे-बट्टे के लोग हैं.”

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “BJP आदिवासी कल्याण और गौरव को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए काम कर रही है. आदिवासी समाज में भी जो लोग अति पिछड़े हैं, जो अब तक विकास से वंचित हैं, उनके लिए भाजपा सरकार में ‘पीएम-जनमन’ योजना शुरू की. इस योजना पर 24 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च किए जाएंगे.”

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टिकरण में आकंठ डूबे INDI गठबंधन के नेता बौखलाते जा रहे हैं. अब इन्होंने 2024 के चुनाव का अपना असली घोषणा पत्र निकाला है. मैं इनके परिवारवाद पर सवाल उठाता हूं, तो इन लोगों ने अब बोलना शुरू कर दिया है कि मोदी का कोई परिवार नही है. कल ये ऐसा भी कह सकते हैं कि तुम्हें कभी जेल की सजा नहीं हुई इसलिए तुम राजनीति में भी नहीं आ सकते.”

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button