कांग्रेस सांसद राकेश राठौर गिरफ्तार, दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने की कार्रवाई

सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर से कांग्रेस सांसद राकेश राठौर को पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार कर लिया है। उनकी अग्रिम जमानत याचिका पहले ही अदालत द्वारा खारिज कर दी गई थी, जिसके बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सांसद राठौर को उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे।
सांसद राकेश राठौर के खिलाफ एक महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया था, जिसके बाद पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज किया। गौरतलब है कि 17 जनवरी को पार्टी की एक महिला कार्यकर्ता ने राकेश राठौर पर यौन शोषण और रेप का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करवाया था। पीड़िता का आरोप है कि राजनीति में करियर बनाने का झांसा देकर सांसद राकेश राठौर ने उनके साथ रेप किया। इसके बाद सांसद राकेश राठौर ने अदालत में अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर की थी, लेकिन इसे खारिज कर दिया गया। इसके बाद पुलिस ने बुधवार को उन्हें हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तारी के दौरान उनके समर्थकों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें कड़ी सुरक्षा में हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए ले गई। कांग्रेस ने इस गिरफ्तारी को राजनीतिक साजिश बताया है और कहा है कि पार्टी सांसद के कानूनी अधिकारों की रक्षा के लिए अदालत में जाएगी।
सीतापुर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि, “आरोपों की गंभीरता को देखते हुए सांसद राकेश राठौर की अग्रिम जमानत याचिका अदालत ने खारिज कर दी थी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें कानून के अनुसार गिरफ्तार कर लिया है। आगे की कार्रवाई अदालत में होगी।”





