शून्य ही शून्य… नोएडा के खाते में दिखी रहस्यमयी रकम, बैंक और IT विभाग हैरान

नोएडा में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 20 वर्षीय युवक के खाते में अचानक खगोलीय राशि दर्ज हो गई। यह मामला किसी चमत्कार से कम नहीं लग रहा, लेकिन बैंक और आयकर विभाग इस लेन-देन की गंभीरता से जांच कर रहे हैं। मामला नोएडा के रहने वाले दीपक नामक युवक से जुड़ा है। दीपक की मां गायत्री देवी का कोटक महिंद्रा बैंक में एक सेविंग्स अकाउंट था। दो महीने पहले उनके निधन के बाद से यह खाता दीपक ही देख-रेख कर रहा था।
3 अगस्त की रात दीपक को अचानक एक बैंक नोटिफिकेशन मिला, जिसमें उसके खाते में ₹10,01,35,60,00,00,00,00,00,01,00,23,56,00,00,00,00,299 की राशि दिख रही थी। इस भारी-भरकम रकम में इतने शून्य थे कि दीपक खुद गिनती नहीं कर सका। अनुमान लगाया जा रहा है कि यह राशि ₹1.13 लाख करोड़ से भी अधिक बैठती है। अगली सुबह दीपक खुद बैंक पहुंचा और अधिकारियों को इस असामान्य लेन-देन की जानकारी दी। बैंक स्टाफ भी यह देखकर हैरान रह गया और तुरंत खाते को फ्रीज़ कर दिया गया। उन्हें आशंका हुई कि यह या तो तकनीकी गड़बड़ी है या फिर कोई संदिग्ध वित्तीय लेन-देन।
बैंक ने मामला तुरंत आयकर विभाग को सौंप दिया है और अब विभाग इस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहा है कि इतनी बड़ी रकम आखिरकार कहां से और क्यों आई। इस खबर के सोशल मीडिया पर आते ही यह तेजी से वायरल हो गई। लोग अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूज़र ने लिखा, “इतनी रकम तो किसी देश के पास भी नहीं होती, ये जरूर किसी तकनीकी खराबी का नतीजा है।” वहीं एक अन्य ने मजाक में कहा, “अब दीपक अंबानी से भी अमीर हो गया।”
फिलहाल बैंक और आयकर विभाग की जांच पूरी होने तक खाते को ब्लॉक कर दिया गया है और दीपक को फिलहाल इंतज़ार करना होगा कि इस रकम की सच्चाई क्या है।





