दिल्ली में यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन बना बड़ा विवाद, कई धाराओं में मामला दर्ज

नई दिल्ली: नई दिल्ली के भारत मंडपम में हुए यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन मामले में दिल्ली पुलिस ने दो और लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई प्रदर्शन से जुड़े मामले की जांच के तहत की गई है। गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान 36 वर्षीय अजय कुमार विमल और 24 वर्षीय राजा गुर्जर के रूप में हुई है।
इससे पहले भी दिल्ली पुलिस चार प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, पटियाला हाउस कोर्ट ने इंडियन यूथ कांग्रेस (आईवाईसी) के चार कार्यकर्ताओं को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है। पहले गिरफ्तार किए गए लोगों में बिहार से यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कृष्ण हरि, बिहार के आईवाईसी प्रदेश सचिव कुंदन यादव, उत्तर प्रदेश के आईवाईसी प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार और तेलंगाना के नरसिम्हा यादव शामिल हैं।
दिल्ली पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने कार्यक्रम स्थल पर देश विरोधी नारे लगाए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आपत्तिजनक तस्वीरों वाली टी-शर्ट पहन रखी थी। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान उन्हें रोकने की कोशिश में तीन लोग घायल भी हुए।
पुलिस के मुताबिक, इस पूरे मामले में साजिश की भी जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि प्रदर्शन के पीछे किसका हाथ था, फंडिंग कहां से हुई और टी-शर्ट कहां छपवाई गई थीं। आरोपियों के खिलाफ सरकारी काम में बाधा डालने, लोक सेवक पर हमला करने, घृणास्पद भाषण देने और आपराधिक साजिश जैसे आरोपों में मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे यूथ कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता क्यूआर कोड के जरिए समिट स्थल के अंदर पहुंच गए। वे हॉल नंबर पांच के लॉबी एरिया तक पहुंच गए, जहां उस समय विदेशी प्रतिनिधिमंडल समेत कई खास मेहमान मौजूद थे। अचानक कार्यकर्ताओं ने अपने स्वेटर और जैकेट उतारकर नारेबाजी शुरू कर दी। उनकी टी-शर्ट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीरों के साथ ‘इंडिया-यूएस ट्रेड डील’, ‘एपस्टीन फाइल्स’ और ‘पीएम इज कम्प्रोमाइज्ड’ जैसे संदेश लिखे थे।
इस घटना के बाद कुछ देर के लिए आयोजन स्थल पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।





