खेल

महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 का शेड्यूल जारी, 9 जनवरी से होगा आगाज़

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शनिवार, 29 नवंबर को महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 की तारीखों और शेड्यूल की आधिकारिक घोषणा कर दी। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला 9 जनवरी को मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच नवी मुंबई के डॉ. डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जाएगा। इससे पहले 27 नवंबर को दिल्ली में हुए मेगा ऑक्शन के दौरान लीग के चेयरमैन जयेश जॉर्ज ने तारीखों और स्थान की जानकारी साझा की थी।

दो चरणों में खेला जाएगा टूर्नामेंट

WPL 2026 को दो हिस्सों में बांटा गया है। पहला चरण 9 जनवरी से 17 जनवरी तक नवी मुंबई में आयोजित होगा। दूसरा चरण 19 जनवरी से 5 फरवरी तक वडोदरा में खेला जाएगा, जहां टूर्नामेंट का फाइनल भी इसी मैदान पर 5 फरवरी को होगा। लीग स्टेज में कुल 20 मुकाबले रखे गए हैं, जबकि 3 फरवरी को एलिमिनेटर खेला जाएगा। शेड्यूल में सिर्फ दो डबल-हेडर मैच शामिल हैं।

277 खिलाड़ियों में से 67 को मिली टीम

इस बार मेगा ऑक्शन में कुल 277 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था, जिनमें 194 भारतीय और 83 विदेशी खिलाड़ी शामिल थे। इनमें से सिर्फ 67 खिलाड़ियों को फाइनल रूप से टीमों ने खरीदा, जिसमें 23 विदेशी खिलाड़ी भी शामिल हैं। सभी फ्रेंचाइजियों ने मिलकर खिलाड़ियों पर कुल ₹40.8 करोड़ की राशि खर्च की।

पिछले विजेताओं पर एक नज़र

WPL के पहले सीजन यानी 2023 में मुंबई इंडियंस ने खिताब जीता था। इसके बाद 2024 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने ट्रॉफी अपने नाम की। अब 2026 का खिताब कौन जीतेगा, इस पर खेल प्रेमियों की नज़र रहेगी। अंक तालिका में शीर्ष पर रहने वाली टीम सीधे फाइनल में पहुंचेगी, जबकि दूसरे और तीसरे स्थान की टीमें एलिमिनेटर खेलेंगी।

WPL 2026 का पूरा शेड्यूल

मैच 1 — 9 जनवरी: मुंबई इंडियंस बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, नवी मुंबई
मैच 2 — 10 जनवरी: यूपी वॉरियर्स बनाम गुजरात जाएंट्स, नवी मुंबई
मैच 3 — 11 जनवरी: मुंबई इंडियंस बनाम दिल्ली कैपिटल्स, नवी मुंबई
मैच 4 — 12 जनवरी: दिल्ली कैपिटल्स बनाम गुजरात जाएंट्स, नवी मुंबई
मैच 5 — 13 जनवरी: आरसीबी बनाम यूपी वॉरियर्स, नवी मुंबई
मैच 6 — 14 जनवरी: मुंबई इंडियंस बनाम गुजरात जाएंट्स, नवी मुंबई
मैच 7 — 15 जनवरी: यूपी वॉरियर्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स, नवी मुंबई
मैच 8 — 16 जनवरी: मुंबई इंडियंस बनाम यूपी वॉरियर्स, नवी मुंबई
मैच 9 — 17 जनवरी: आरसीबी बनाम गुजरात जाएंट्स, नवी मुंबई
मैच 10 — 17 जनवरी: यूपी वॉरियर्स बनाम मुंबई इंडियंस, नवी मुंबई
मैच 11 — 18 जनवरी: दिल्ली कैपिटल्स बनाम आरसीबी, नवी मुंबई
मैच 12 — 19 जनवरी: गुजरात जाएंट्स बनाम आरसीबी, वडोदरा
मैच 13 — 20 जनवरी: दिल्ली कैपिटल्स बनाम मुंबई इंडियंस, वडोदरा
मैच 14 — 22 जनवरी: गुजरात जाएंट्स बनाम यूपी वॉरियर्स, वडोदरा
मैच 15 — 24 जनवरी: आरसीबी बनाम दिल्ली कैपिटल्स, वडोदरा
मैच 16 — 26 जनवरी: आरसीबी बनाम मुंबई इंडियंस, वडोदरा
मैच 17 — 27 जनवरी: गुजरात जाएंट्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स, वडोदरा
मैच 18 — 29 जनवरी: यूपी वॉरियर्स बनाम आरसीबी, वडोदरा
मैच 19 — 30 जनवरी: गुजरात जाएंट्स बनाम मुंबई इंडियंस, वडोदरा
मैच 20 — 1 फरवरी: दिल्ली कैपिटल्स बनाम यूपी वॉरियर्स, वडोदरा
एलिमिनेटर — 3 फरवरी: वडोदरा
फाइनल — 5 फरवरी: वडोदरा

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button