दिल्ली-एनसीआर में अचानक बदला मौसम, नोएडा में झमाझम बारिश

रविवार सुबह एनसीआर के कुछ इलाकों में अचानक मौसम का मिज़ाज बदल गया। नोएडा में घने बादल छा गए और झमाझम बारिश हुई। हालांकि, भारतीय मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि इस हफ्ते अब लगातार बारिश के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में दिल्ली और एनसीआर के कुछ हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं और शाम के समय हल्की बारिश की संभावना है। इसके बाद 15 से 20 सितंबर तक बारिश नहीं होने का अनुमान है, लेकिन छिटपुट हल्के बादल छाए रह सकते हैं।
आईएमडी का कहना है कि अब दिल्ली-एनसीआर में धीरे-धीरे मौसम में बदलाव महसूस किया जाएगा। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में कमी दर्ज की जाएगी। 20 सितंबर तक दिल्ली का अधिकतम तापमान घटकर 32 से 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक 15 सितंबर को दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। 16 सितंबर को इसमें हल्की गिरावट आ सकती है और पारा 33 से 35 डिग्री तक रह सकता है। वहीं 17 से 20 सितंबर के दौरान दिल्ली का अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।
दूसरी ओर, 14 सितंबर को हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में और 14 व 16 सितंबर को उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई गई है।





