देशभर में बदला मौसम का मिजाज, बारिश-बर्फबारी से मिली गर्मी से राहत, 20 राज्यों में अलर्ट

शनिवार को देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम ने करवट ली। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड सहित पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी दर्ज की गई। हालांकि राजस्थान और मध्य प्रदेश को छोड़कर देशभर में बारिश और आंधी-तूफान का असर देखा गया।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने रविवार को भी 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम में अचानक आए बदलाव ने जहां आवागमन में कुछ परेशानियां बढ़ाईं, वहीं लोगों को गर्मी और उमस से काफी राहत मिली। उत्तर पश्चिम भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी से तापमान में गिरावट आई है।
आईएमडी के अनुसार शनिवार को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में मूसलाधार बारिश के साथ कई इलाकों में हिमपात हुआ। कश्मीर घाटी के गुरेज में भारी बर्फबारी के कारण 8वीं कक्षा तक के सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया है। सिंथन टॉप पर बर्फबारी के चलते अनंतनाग-किश्तवाड़ मार्ग बंद कर दिया गया है। बांदीपोरा-गुरेज मार्ग, जोजिला पास और अन्य पहाड़ी मार्गों पर भी यातायात रोक दिया गया है।
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, कोंकण, गोवा, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, केरल और पूर्वोत्तर के सभी सात राज्यों में तेज हवाएं, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि दर्ज की गई। मौसम विभाग ने उत्तराखंड, झारखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर पश्चिम हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और झारखंड-बांग्लादेश क्षेत्र में चक्रवाती परिसंचरण के चलते यह बदलाव आया है। दक्षिण हरियाणा से उत्तर बांग्लादेश तक ट्रफ रेखा बनी हुई है, जिससे देश के विभिन्न हिस्सों में आंधी, बिजली गिरने और भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
पंजाब के कैथल और आसपास के जिलों में शुक्रवार रात आई तेज आंधी और बारिश के कारण सैकड़ों पेड़ गिर गए, लगभग 130 बिजली के खंभे उखड़ गए और गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा। कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई और सड़क मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा।
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।





