यूक्रेन युद्ध: पुतिन ने विजय दिवस के अवसर पर युद्धविराम की घोषणा की, अमेरिका ने जताई शंका

रूस और यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष के बीच एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने 8 से 10 मई तक यूक्रेन में युद्धविराम की घोषणा की है। क्रेमलिन ने बयान जारी कर बताया कि यह निर्णय द्वितीय विश्व युद्ध में नाजी जर्मनी पर विजय के प्रतीक ‘विजय दिवस’ (9 मई) के उपलक्ष्य में लिया गया है।
क्रेमलिन के अनुसार, युद्धविराम 8 मई की मध्यरात्रि (7 मई 2100 GMT) से प्रभावी होगा और 10 मई तक लागू रहेगा। राष्ट्रपति पुतिन ने मानवीय आधार पर इस अवधि के लिए सभी सैन्य गतिविधियों को पूरी तरह रोकने का आदेश दिया है।
इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन में शांति स्थापना के प्रयासों को तेज किया है। हाल ही में यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से मुलाकात के बाद ट्रंप ने संदेह जताया कि पुतिन वास्तव में युद्ध समाप्त करना चाहते हैं या नहीं। ट्रंप ने कहा, “हाल के दिनों में रूस द्वारा आम नागरिक क्षेत्रों पर मिसाइल हमले बढ़ाने से यह स्पष्ट होता है कि शायद वह युद्ध रोकने के इच्छुक नहीं हैं।”
ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि अमेरिका रूस पर और कड़े आर्थिक प्रतिबंध, विशेषकर बैंकिंग और सेकेंडरी सैंक्शन्स, लगाने पर विचार कर सकता है। उन्होंने चेताया, “बहुत से लोग मर रहे हैं!”
यह मुलाकात उस समय हुई जब ट्रंप और जेलेंस्की ने इटली के रोम शहर में पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार में हिस्सा लेने के बाद एकांत में कई मुद्दों पर लंबी बातचीत की।





