Uttarakhand UCC bill : उत्तराखंड के लिए ऐतिहासिक दिन, पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा में पेश किया UCC बिल

नई दिल्ली: उत्तराखंड विधानसभा में आज समान नागरिक संहिता (UCC) पर विधेयक पेश किया गया. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य विधानसभा में समान नागरिक संहिता (UCC) विधेयक 2024 पेश किया.
विधानसभा में यूसीसी को लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को कहा कि प्रस्तावित यूसीसी न केवल सभी वर्गों की भलाई के लिए है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ और एक भारत, श्रेष्ठ भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप भी होगा.
यूसीसी के कई प्रस्तावों में बहुविवाह और बाल विवाह पर पूर्ण प्रतिबंध, सभी धर्मों की लड़कियों के लिए एक विवाह योग्य आयु और तलाक के लिए एक समान प्रक्रिया शामिल है. लैंगिक समानता और सामाजिक एकजुटता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इन सिफारिशों पर विशेष चार दिवसीय विधानसभा सत्र के दौरान विचार-विमर्श किया जाएगा, जो सोमवार से शुरू हुआ और गुरुवार तक जारी रहेगा.
सीएम धामी संविधान की मूल प्रति के साथ सदन में पहुंचे थे. वहीं, राज्य आंदोलनकारियों को 10 फीसदी क्षैतिज आरक्षण संबंधी प्रवर समिति की रिपोर्ट भी टेबिल की गई थी. समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पर विधेयक लाने के लिए उत्तराखंड विधानसभा का विशेष सत्र सोमवार को शुरू हो गया था. सत्र के दूसरे दिन यानि आज मंगलवार को यह विधेयक पेश किया गया. सत्र को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद की है और पूरे प्रदेश में पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है.





