अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का भारत दौरा: ताजमहल की खूबसूरती और आमेर के शाही स्वागत से हुए अभिभूत

अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेम्स डेविड वेंस (जेडी वेंस) इन दिनों अपने परिवार सहित चार दिवसीय भारत दौरे पर हैं। इस दौरे की शुरुआत उन्होंने दिल्ली में अक्षरधाम मंदिर के दर्शन से की, इसके बाद वे जयपुर और आगरा पहुंचे, जहां उन्होंने भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नजदीक से महसूस किया।
बुधवार सुबह जेडी वेंस अपने परिवार के साथ ताजमहल पहुंचे। आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। इस दौरान लोक कलाकारों ने मयूर नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर मेहमानों का स्वागत किया। ताजमहल के भ्रमण के बाद वेंस ने विजिटर बुक में लिखा, “ताजमहल अद्भुत है! यह समय की महानता और भारत के महान इतिहास का प्रतीक है।” वेंस और उनके परिवार को ताजमहल की पच्चीकारी और वास्तुकला की विशेष जानकारी भी दी गई।
Uttar Pradesh | Vice President of the United States, JD Vance, visits the Taj Mahal in Agra along with Second Lady Usha Vance and their children
(Source | Information department, Agra) pic.twitter.com/vVRuwS5BSg
— ANI (@ANI) April 23, 2025
इससे पहले मंगलवार की रात जेडी वेंस जयपुर पहुंचे और परिवार संग आमेर किले का दौरा किया। यहां उनका पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में स्वागत किया गया। आमेर किला, जो यूनेस्को विश्व धरोहर सूची में शामिल है, वेंस को खासा प्रभावित करता नजर आया। किले के चार प्रमुख खंडों और प्रांगणों को उन्होंने गहराई से देखा और उसकी शाही भव्यता की सराहना की। इस यात्रा के दौरान वेंस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात की। यह दौरा दोनों देशों के बीच रणनीतिक संबंधों को और प्रगाढ़ करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।





