जयपुर में अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस: बोले – भारत सबसे भरोसेमंद डिफेंस पार्टनर, एफ-35 फाइटर जेट देने की इच्छा

अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस इन दिनों अपने परिवार के साथ चार दिवसीय भारत दौरे पर हैं। मंगलवार सुबह वे जयपुर पहुंचे, जहां उन्होंने परिवार समेत आमेर किले का दौरा किया। वेंस फैमिली का पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में स्वागत किया गया। उन्होंने आमेर महल, शीशमहल, पन्ना मीना कुंड और अनोखी म्यूजियम की सैर कर राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत की सराहना की।
जयपुर के राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC) में वेंस ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, “भारत में मेरी पत्नी उषा मुझसे भी बड़ी सेलिब्रिटी बन चुकी हैं। भारत वर्ल्ड क्लास लेबर का स्रोत है और अमेरिका इसके साथ संतुलित व्यापार साझेदारी चाहता है।”
उन्होंने आगे कहा, “ट्रंप की ट्रेड पॉलिसी की आलोचना गलत है। उन्होंने बराबरी का व्यापारिक माहौल बनाया है। अमेरिका आज दुनिया का सबसे जुड़ा हुआ सैन्य साझेदार है और भारत इसमें हमारा सबसे भरोसेमंद साथी है। हम भारत को एफ-35 जैसे फिफ्थ जनरेशन फाइटर जेट देने की इच्छा रखते हैं।”
वेंस ने बताया कि अमेरिका भारत को न्यूक्लियर रिएक्टर डिजाइन भी उपलब्ध कराना चाहता है ताकि दोनों देश ऊर्जा और रक्षा क्षेत्रों में सहयोग को और गहरा कर सकें। उन्होंने कहा कि अमेरिकी कंपनियां भारत के कटिंग एज टेक्नोलॉजी और कंज़्यूमर गुड्स जैसे क्षेत्रों में ज्यादा पहुंच चाहती हैं।
अपने पारिवारिक अनुभव साझा करते हुए वेंस ने बताया कि उनके बेटे वेवन को पीएम हाउस में खाना इतना पसंद आया कि वह भारत में ही बसने की बात करने लगा। हालांकि जयपुर की गर्मी में उसने मजाक में कहा कि अब इंग्लैंड चलना चाहिए।
इस दौरे को भारत-अमेरिका संबंधों को नई ऊंचाई देने वाले कदम के तौर पर देखा जा रहा है।





