मनोरंजन

अवैध सट्टेबाजी ऐप मामले में उर्वशी रौतेला से ईडी की पूछताछ, कई सेलिब्रिटी जांच के घेरे में

अवैध सट्टेबाजी ऐप 1xBet से जुड़े मामले में एक्ट्रेस उर्वशी रौतेला एक बार फिर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सामने पेश हुई हैं। ईडी इस मामले में लगातार सेलिब्रिटीज को तलब कर रही है। 1xBet एक ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म है, जो कैरिबियाई द्वीप कुराकाओ में रजिस्टर्ड है। उर्वशी इस ऐप की भारत में ब्रांड एम्बेसडर हैं। ईडी ने पीएमएलए (PMLA) के तहत उनसे पूछताछ शुरू कर दी है और उनका बयान दर्ज किया जा रहा है।

इस जांच के दौरान ईडी पहले ही कई नामी खिलाड़ियों और कलाकारों से पूछताछ कर चुकी है। इनमें क्रिकेटर युवराज सिंह, सुरेश रैना, शिखर धवन और रॉबिन उथप्पा के नाम शामिल हैं।
इसके अलावा एक्टर सोनू सूद, बंगाली एक्टर अंकुश हाजरा, और टीएमसी की पूर्व सांसद मिमी चक्रवर्ती से भी सवाल-जवाब हो चुके हैं। कुछ सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर्स से भी पूछताछ की गई है।

सूत्रों के मुताबिक, जांच में सामने आया है कि कुछ सेलिब्रिटीज ने 1xBet से मिली विज्ञापन की फीस का इस्तेमाल कई तरह की संपत्तियां खरीदने में किया। ईडी का मानना है कि ये संपत्तियां अपराध की कमाई से खरीदी गई हैं, जो पीएमएलए कानून के दायरे में आती हैं।

हाल ही में भारत सरकार ने कानून बनाकर असली पैसों वाले ऑनलाइन गेमिंग ऐप्स पर प्रतिबंध लगाया है।
सरकारी आंकड़ों और एजेंसियों के मुताबिक, भारत में ऐसे ऐप्स के करीब 22 करोड़ यूजर्स हैं, जिनमें से आधे नियमित तौर पर इनका इस्तेमाल करते हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button