ईरान पर ट्रंप का बड़ा अलर्ट: “आज रात निर्णायक”, रेजीम चेंज की ओर इशारा

वॉशिंगटन डीसी: डोनाल्ड ट्रम्प ने मंगलवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट में ईरान को लेकर बेहद सख्त और चिंताजनक बयान दिया। उन्होंने कहा कि “आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो सकती है” और यह भी इशारा किया कि ईरान में “पूरी तरह से सत्ता परिवर्तन” (रेजीम चेंज) की स्थिति बन सकती है।
ट्रंप ने अपने पोस्ट में कहा कि वह ऐसा नहीं चाहते, लेकिन यह “संभव” है। उन्होंने इस समय को वैश्विक इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण पलों में से एक बताया। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि ईरान में नई लीडरशिप आने पर हालात बेहतर हो सकते हैं।
उन्होंने अपने बयान में पिछले 47 सालों का जिक्र करते हुए ईरान की व्यवस्था पर निशाना साधा और कहा कि अब बदलाव का समय आ गया है। अंत में उन्होंने ईरान के लोगों के लिए शुभकामनाएं भी दीं। हालांकि, ट्रंप के इस दावे की अभी तक किसी भी आधिकारिक स्रोत से पुष्टि नहीं हुई है और न ही Iran की तरफ से सत्ता परिवर्तन को लेकर कोई बयान सामने आया है।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के बयान से पहले से तनावपूर्ण हालात और बिगड़ सकते हैं। फिलहाल, तेहरान की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है और अमेरिकी अधिकारियों ने भी इस मामले में ज्यादा जानकारी नहीं दी है।
वहीं, पूरी दुनिया की नजर अब इस पर टिकी है कि ईरान में आगे क्या होता है और क्या वाकई कोई बड़ा राजनीतिक या सैन्य बदलाव होने वाला है।





