विदेश

यूक्रेन युद्ध पर ट्रंप करेंगे पुतिन और जेलेंस्की से बात, सीजफायर की उम्मीद

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह सोमवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से फोन पर बात करेंगे। ट्रंप ने यह भी बताया कि वह NATO देशों के नेताओं से भी संपर्क करेंगे ताकि यूक्रेन में जारी युद्ध को खत्म किया जा सके।

ट्रंप ने शनिवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर लिखा, “उम्मीद है कि सोमवार का दिन उपयोगी होगा, युद्ध बंद होगा और एक ऐसा संघर्ष खत्म होगा जो कभी शुरू ही नहीं होना चाहिए था।” उन्होंने कहा कि पुतिन से बात का मकसद यूक्रेन में जारी ‘खूनखराबा’ रोकना है। रूस की तरफ से क्रेमलिन प्रवक्ता दमित्री पेस्कोव ने भी पुष्टि की है कि सोमवार को ट्रंप और पुतिन के बीच बातचीत की तैयारी चल रही है।

शुक्रवार को तुर्की के इस्तांबुल में रूस और यूक्रेन के बीच हुई सीधी वार्ता बिना किसी ठोस नतीजे के खत्म हो गई। हालांकि दोनों देशों ने एक-दूसरे के 1,000 युद्धबंदियों की अदला-बदली पर सहमति दी है। यूक्रेनी खुफिया प्रमुख काइरीलो बुदानोव ने कहा है कि यह प्रक्रिया अगले हफ्ते शुरू हो सकती है। रूस ने फिलहाल यूक्रेन और पश्चिमी देशों की तरफ से प्रस्तावित 30 दिनों के सीजफायर को खारिज कर दिया है और युद्ध रोकने की शर्तों पर अब भी बड़ा मतभेद बना हुआ है।

यूक्रेन चाहता है कि अमेरिका यह समझे कि रूस के राष्ट्रपति पुतिन पर भरोसा नहीं किया जा सकता। वहीं ट्रंप इस बात से नाराज हैं कि अब तक शांति वार्ता से कोई ठोस नतीजा नहीं निकला है। उन्होंने यहां तक कह दिया कि अगर जल्द प्रगति नहीं हुई तो वह अपनी कोशिशें छोड़ सकते हैं। ट्रंप ने यह भी दोहराया कि जब तक वह पुतिन से आमने-सामने नहीं मिलते, तब तक कोई समाधान नहीं होगा।

शनिवार को यूक्रेन के उत्तर-पूर्वी शहर बिलोपिलिया में एक बस पर रूसी ड्रोन हमले में 9 लोगों की मौत हो गई और 7 घायल हो गए। यह बस युद्ध क्षेत्र से नागरिकों को निकाल रही थी। मारे गए लोगों में अधिकतर महिलाएं थीं। यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने इस हमले को “जानबूझकर किया गया नागरिकों का कत्ल” बताया।

घटना के बाद इलाके में सोमवार तक शोक की घोषणा कर दी गई है। स्थानीय नेता यूरी ज़ारको ने इसे “ब्लैक सैटरडे” करार दिया। इस हमले की यूरोप भर में निंदा हुई। ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी ने कहा कि वह इस हमले से “हैरान और दुखी” हैं और रूस को तुरंत युद्धविराम के लिए तैयार होना चाहिए। जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज ने रूस पर “लगातार हमले जारी रखने” का आरोप लगाया और कहा कि मास्को पर और कड़े प्रतिबंध लगाए जाएंगे।

रूसी प्रवक्ता पेस्कोव ने कहा कि यदि युद्धबंदियों की अदला-बदली सफल रही और दोनों पक्ष कुछ अन्य मुद्दों पर भी सहमत हुए, तो पुतिन और जेलेंस्की के बीच बातचीत संभव हो सकती है। हालांकि उन्होंने कोई समय सीमा नहीं बताई।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button