मौसम

हिमाचल के बिलासपुर में दर्दनाक हादसा: लैंडस्लाइड में 15 लोगों की मौत

बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश). हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के झंडूता उपमंडल के बरठीं में मंगलवार शाम हुए भयावह भूस्खलन ने कई परिवारों को तबाह कर दिया. संतोषी निजी बस पर अचानक पहाड़ का मलबा गिरने से 15 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चे — भाई-बहन आरुषि और शौर्य — चमत्कारिक रूप से जीवित बच निकले. एक आठ वर्षीय बच्चा राहुल अब भी लापता बताया जा रहा था, जिसकी बुधवार सुबह लाश बरामद होने के बाद सर्च ऑपरेशन खत्म कर दिया गया.

कैसे हुआ हादसा

मंगलवार शाम करीब 6 बजकर 25 मिनट पर यह हादसा उस वक्त हुआ जब संतोषी नामक निजी बस मरोतन से घुमारवीं जा रही थी. जैसे ही बस बरठीं के भल्लू पुल के पास पहुंची, ऊपर से पहाड़ का एक हिस्सा टूटकर सीधे बस की छत पर गिर गया. देखते ही देखते बस मलबे में दब गई और 18 यात्री उसमें फंस गए. रेस्क्यू टीमों ने पूरी रात राहत कार्य चलाया और 15 शवों को मलबे से निकाला गया.

जिंदगी और मौत के बीच दो मासूमों की कहानी

इस दर्दनाक हादसे में सबसे मार्मिक पल तब आया जब भाई-बहन आरुषि और शौर्य को मलबे से जीवित बाहर निकाला गया. लेकिन उनकी मां इस हादसे में जान गंवा बैठीं. वहीं, राहुल नाम का 8 वर्षीय बच्चा अब भी लापता था, जिसकी मां बिमली की भी मौत हो चुकी थी.

राहत और जांच के आदेश

हादसे की सूचना मिलते ही डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने कुल्लू दशहरा कार्यक्रम रद्द कर घटनास्थल का दौरा किया. उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए.
एसपी बिलासपुर संदीप धंवल ने बताया कि 15 मृतकों के पोस्टमार्टम सीएचसी बरठीं में किए गए, जिसके लिए अतिरिक्त डॉक्टरों की टीम तैनात की गई थी. देर रात भारी बारिश के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन 2:30 बजे रोका गया, जिसे बुधवार सुबह फिर से शुरू किया गया.

हादसे में जान गंवाने वालों की सूची

इस हादसे में जान गंवाने वालों में चार सदस्य एक ही परिवार के थे. मृतकों की पहचान इस प्रकार है:
नक्ष (7), बक्शी राम (42), नरेंदर कुमार (52), कृष्ण लाल (30), चालक रजनीश (36), चुनी लाल (52), राजीव (40), शरील खान (25), संजीव कुमार (15), आरव (4), अंजना कुमारी, प्रवीण कुमार (40), कांता देवी (51), कमलेश (36), अमर सिंह (36).
महिला कमलेश का बेटा राहुल लापता था, जिसकी बुधवार को लाश मिल गई.

देशभर से जताया गया शोक

हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख की आर्थिक सहायता और घायलों को ₹50 हजार की सहायता देने की घोषणा की.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, पूर्व सीएम जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह, और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी समेत कई प्रमुख नेताओं ने हादसे पर शोक प्रकट किया.

प्रशासन अलर्ट पर

हिमाचल में लगातार हो रही बारिश से कई इलाकों में भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है. प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे संवेदनशील पहाड़ी रास्तों पर यात्रा करने से पहले मौसम की जानकारी जरूर लें.

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button