घने कोहरे की चादर: दिल्ली से लेकर यूपी तक अगले छह दिन ऑरेंज अलर्ट
नई दिल्ली, 20 दिसंबर – राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में शनिवार को एक बार फिर घना कोहरा छा गया. एक दिन की राहत के बाद उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में भयानक कोहरे ने सड़कों पर अपनी चादर बिछा दी. मौसम विभाग ने अगले छह दिनों तक इन इलाकों में घने कोहरे की चेतावनी जारी करते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है.
IMD Weather Warning !
Dense/Very Dense Fog very likely at isolated places over Bihar, Haryana, Chandigarh & Delhi, Punjab, Uttar Pradesh, Madhya Pradesh, Chhattisgarh and Uttarakhand till morning hours of 20th December.#IMDWeatherWarning #DenseFog #VeryDenseFog #WeatherAlert… pic.twitter.com/Tj0L6tXvXK
— India Meteorological Department (@Indiametdept) December 19, 2025
दिल्ली-एनसीआर में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद में शनिवार को घने से अत्यधिक घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. शुक्रवार को येलो अलर्ट जारी करने के बाद आज स्थिति और गंभीर हो गई है. हालांकि, दिल्ली में तापमान में अचानक गिरावट की संभावना नहीं है. मौसम विभाग के अनुसार, 19 से 25 दिसंबर यानी क्रिसमस तक राजधानी में न्यूनतम तापमान 8 से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.
छह राज्यों में वेदर वार्निंग
मौसम विभाग ने आज बिहार, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड में घने कोहरे की वेदर वार्निंग जारी की है. इन इलाकों में कुछ जगहों पर बादल भी छाये रह सकते हैं. 21 दिसंबर को उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश और बिहार में भी ऐसे ही हालात बने रहेंगे.
पूर्वांचल में 22 दिसंबर को कोहरे का असर देखने को मिलेगा, जबकि पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 24 और 25 दिसंबर को अत्यधिक कोहरा प्रभावित करने वाला है.
यूपी के दर्जनों जिलों में अलर्ट
उत्तर प्रदेश में पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बरेली, अलीगढ़, मुरादाबाद, आगरा और मेरठ जैसे जिलों में कोहरे के साथ-साथ शीत लहर की भी चेतावनी दी गई है.
पूर्वी उत्तर प्रदेश में गोरखपुर, कुशीनगर, बहराइच, फतेहगढ़, अयोध्या, फुरसतगंज, लखीमपुर खीरी और बलिया में भी भयंकर कोहरा पड़ने की संभावना है. अवध क्षेत्र में लखनऊ और कानपुर में भी ऐसी ही स्थिति रहेगी. वाराणसी समेत पूर्वांचल के कई अन्य जिलों में भी घना कोहरा छाया रहेगा.
मध्य प्रदेश में भी कोहरे का कहर
मध्य प्रदेश के ग्वालियर, रीवा और जबलपुर रीजन में भी जबरदस्त कोहरा देखा जा रहा है. मौसम विभाग ने इन इलाकों में भी सावधानी बरतने की सलाह दी है.
घने कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है. लोगों से अपील की जाती है कि वे बिना जरूरी काम के बाहर न निकलें और वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें.





