ताज़ा खबरेंलाइफस्टाइल

नए साल 2026 में बदलने वाले हैं ये बड़े नियम, जानिए आपकी जेब पर क्या होगा असर

नई दिल्ली: नया साल सिर्फ कैलेंडर का पन्ना नहीं बदलता, बल्कि आम लोगों की जेब, सैलरी, बैंकिंग और सरकारी सुविधाओं में भी बड़े बदलाव लेकर आता है. 1 जनवरी 2026 की सुबह कई अहम बदलावों के साथ आने वाली है, जो किसानों से लेकर नौकरीपेशा लोगों, लोन लेने वालों और डिजिटल यूजर्स तक सभी को प्रभावित करेंगे. अगर समय रहते तैयारी नहीं की गई तो जुर्माना, परेशानी और देरी का सामना करना पड़ सकता है.

पैन-आधार लिंक न करने पर बड़ी मुसीबत

1 जनवरी 2026 से सबसे बड़ी दिक्कत उन लोगों को होगी जिन्होंने अभी तक पैन और आधार को लिंक नहीं किया है. सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि 31 दिसंबर 2025 आखिरी तारीख है. इस तारीख तक लिंक न करने पर पैन कार्ड इनऑपरेटिव हो जाएगा. इसका सीधा मतलब है कि टैक्स फाइल करना, रिफंड लेना, बैंक से जुड़े काम और सरकारी योजनाओं का लाभ, सब रुक सकता है. बाद में लिंक कराने पर 1000 रुपये का जुर्माना भी देना होगा.

नया इनकम टैक्स फॉर्म और कानून

जनवरी 2026 में नया इनकम टैक्स फॉर्म आने की उम्मीद है, जिसमें बैंक ट्रांजैक्शन और खर्च की विस्तृत जानकारी देनी होगी. यह टैक्स फाइलिंग को आसान बनाएगा, लेकिन गलती की गुंजाइश कम हो जाएगी. जिन लोगों की आय और खर्च में मेल नहीं होगा, उन पर सवाल उठ सकते हैं.

इसके साथ ही सरकार पुराने इनकम टैक्स एक्ट 1961 को हटाकर नया कानून लाने की तैयारी में है, जो 1 अप्रैल 2026 से लागू हो सकता है. इस नए कानून का उद्देश्य टैक्स सिस्टम को सरल बनाना और कोर्ट केसों को कम करना है. इसलिए 31 दिसंबर टैक्स प्लानिंग के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है.

8वें वेतन आयोग से बढ़ेगी सैलरी

सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए 2026 खास साल साबित हो सकता है. केंद्र सरकार ने 8वें वेतन आयोग को मंजूरी दे दी है और उम्मीद है कि 1 जनवरी 2026 से इसे लागू किया जा सकता है. इससे करीब 50 लाख कर्मचारियों और लगभग 69 लाख पेंशनर्स को फायदा होगा.

सैलरी में बढ़ोतरी फिटमेंट फैक्टर पर निर्भर करेगी, जो 2.15 से 3.0 के बीच हो सकता है. ऐसे में बेसिक सैलरी में 20 से 35 फीसदी तक की बढ़ोतरी संभव है. सैलरी के साथ-साथ महंगाई भत्ता, मकान किराया भत्ता और पेंशन में भी इजाफा होगा.

पीएम किसान के लिए फार्मर आईडी जरूरी

जनवरी 2026 से यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश जैसे कई राज्यों में फार्मर आईडी अनिवार्य की जा रही है. यह आईडी जमीन के रिकॉर्ड से जुड़ी होगी और किसान की पूरी डिजिटल जानकारी इसमें दर्ज होगी. अगर फार्मर आईडी नहीं बनी तो पीएम किसान सम्मान निधि की 6000 रुपये सालाना की किस्त रुक सकती है. हालांकि, जिन राज्यों में यह सिस्टम पूरी तरह लागू नहीं हुआ है, वहां पुराने लाभार्थियों को अभी राहत मिलेगी.

क्रेडिट स्कोर हर हफ्ते होगा अपडेट

लोन और क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करने वालों के लिए बड़ा बदलाव आ रहा है. अभी तक क्रेडिट स्कोर महीने में एक बार अपडेट होता था, लेकिन 2026 से यह हर 7 दिन में अपडेट होगा. समय पर ईएमआई भरने का फायदा जल्दी दिखेगा, लेकिन एक दिन की देरी भी स्कोर पर तुरंत असर डालेगी. इससे लोन अप्रूवल और ब्याज दर सीधे प्रभावित होंगे.

बैंक, एलपीजी और डिजिटल प्लेटफॉर्म में बदलाव

एसबीआई, एचडीएफसी और पीएनबी जैसे बड़े बैंक ब्याज दरों में नए फैसले ले सकते हैं. एफडी और लोन की दरों में बदलाव संभव है.

1 जनवरी 2026 को घरेलू और कमर्शियल एलपीजी के नए रेट जारी होंगे. अनुमान है कि कीमतों में 30 से 40 रुपये तक की राहत मिल सकती है.

व्हाट्सएप और टेलीग्राम यूजर्स के लिए नए नियम लागू होंगे. फर्जी अकाउंट और फ्रॉड रोकने के लिए फोन नंबर कम से कम 90 दिन एक्टिव होना जरूरी होगा. वेब वर्जन हर 6 महीने में ऑटो लॉगआउट हो सकता है.

इसके अलावा, 1 जनवरी को एविएशन फ्यूल की कीमतें भी बदलेंगी. कच्चे तेल के दाम कम रहने पर हवाई टिकट सस्ते हो सकते हैं.

तैयारी जरूरी

1 जनवरी 2026 से लागू होने वाले ये बदलाव करोड़ों लोगों की जिंदगी को प्रभावित करेंगे. इसलिए 31 दिसंबर से पहले पैन-आधार लिंक कर लें, बैंक और टैक्स से जुड़े काम निपटा लें और नए नियमों के लिए खुद को तैयार रखें. नया साल तभी सही मायने में खुशियां लेकर आएगा जब आप इन बदलावों के लिए पहले से तैयार होंगे.

Show More
Back to top button