ईडी ने जयथ्री इंफ्रास्ट्रक्चर्स के एमडी काकरला श्रीनिवास को किया गिरफ्तार

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हैदराबाद इकाई ने घर खरीदारों से धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में जयथ्री इंफ्रास्ट्रक्चर्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक (एमडी) काकरला श्रीनिवास को गिरफ्तार किया है। ईडी अधिकारियों के अनुसार, लंबे समय से फरार चल रहे काकरला श्रीनिवास को 18 दिसंबर 2025 को चेन्नई से पकड़ा गया। उन्हें 19 दिसंबर को सुबह 10:30 बजे रंगा रेड्डी जिले की विशेष पीएमएलए अदालत में पेश किया जाएगा।
यह मामला उन आरोपों से जुड़ा है, जिनमें कहा गया है कि जयथ्री इंफ्रास्ट्रक्चर्स ने प्री-लॉन्च हाउसिंग स्कीम के नाम पर घर खरीदारों से बड़ी रकम वसूली, लेकिन न तो फ्लैट दिए गए और न ही पैसा वापस किया गया।
इस मामले की जांच के तहत ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत 20 और 21 नवंबर 2025 को आठ ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया था। ये छापे कंपनी, इसके एमडी काकरला श्रीनिवास और इससे जुड़ी अन्य संस्थाओं से जुड़े परिसरों पर डाले गए थे।
तलाशी के दौरान जनप्रिया ग्रुप, राजा डेवलपर्स एंड बिल्डर्स, आर.के. रमेश, सत्य साई ट्रांसपोर्ट, श्री गायत्री होम्स और शिव साई कंस्ट्रक्शंस सहित कई स्थानों को खंगाला गया। ईडी की जांच की शुरुआत तेलंगाना पुलिस द्वारा दर्ज कई एफआईआर के आधार पर हुई थी। आरोप है कि कंपनी ने धोखाधड़ी से करीब 60 करोड़ रुपये घर खरीदारों से जुटाए।
ईडी का कहना है कि फ्लैट न देने से हासिल की गई रकम को कई फर्जी और बेनामी कंपनियों के जरिए इधर-उधर घुमाया गया, ताकि अपराध से कमाई गई राशि को छिपाया जा सके। जांच में यह भी सामने आया कि इनमें से कई कंपनियां फर्जी या रिहायशी पतों से संचालित हो रही थीं और निवेशकों के पैसे को गलत तरीके से ट्रांसफर करने के लिए इस्तेमाल की गईं।
गौरतलब है कि काकरला श्रीनिवास को इससे पहले भी हैदराबाद पुलिस ने इस मामले से जुड़े अन्य मामलों में गिरफ्तार किया था, हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी।





